विजय को मिलने जा रही एक और गुड न्यूज, राज्यसभा में TVK का बन सकता है सांसद
तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने के बाद थलपति विजय को एक और खुशखबरी मिलने जा रही है। राज्यसभा में उनकी पार्टी टीवीके का पहला सांसद बन सकता है। चुनाव के लिए सोमवार को प्रक्रिया शुरू हो रही।

Tamil Nadu Rajya Sabha Chunav: तमिलनाडु से राज्यसभा की एक सीट को भरने के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी और विजय की सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को उच्च सदन में पहला सांसद मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्यसभा में भी विजय की पार्टी टीवीके का खाता खुलना थलपति के लिए बड़ी गुड न्यूज की तरह है। ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) नेता सी. वी. षणमुगम ने मैलाम विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल करने के बाद सात मई, 2026 को राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद यह सीट रिक्त हो गई थी।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि टीवीके इस सीट के लिए खुद मैदान में खड़ी होगी या इसे किसी गठबंधन सहयोगी, विशेष रूप से कांग्रेस को आवंटित करेगी। राज्य विधानसभा चुनाव के बाद टीवीके के पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त बहुमत नहीं था, इस बीच कांग्रेस उसे समर्थन देने वाली पहली पार्टी थी। निर्वाचन आयोग (ईसी) के सूत्रों के अनुसार, नामांकन-पत्र एक से आठ जून तक दाखिल किए जा सकते हैं और नामांकन पत्रों की जांच नौ जून को होगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून है। मतदान 18 जून को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतगणना उसी दिन शाम पांच बजे शुरू होगी।
मतदाताओं का आभार जताने के लिए सोमवार को त्रिची ईस्ट जायेंगे विजय
वहीं, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और 'तमिलगा वेट्ट्री कझगम' (टीवीके) के संस्थापक विजय मतदाताओं का आभार जताने और उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए सोमवार को त्रिची ईस्ट विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे। यह उन दो सीटों में से एक है, जहां से उन्होंने हालिया चुनावों में जीत हासिल की थी और बाद में इस सीट से इस्तीफा दे दिया था। राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में 10 मई को कार्यभार संभालने के बाद त्रिची ईस्ट का उनका यह पहला दौरा होगा। अपने पहले चुनावी सफर में विजय ने चेन्नई की पेरम्बूर और त्रिची ईस्ट दोनों सीटों से द्रमुक के मौजूदा विधायकों को हराकर जीत दर्ज की थी।
आभार सभा को संबोधित करेंगे
उन्होंने हालांकि त्रिची ईस्ट सीट से इस्तीफा दे दिया था, जहां से उन्होंने 27,000 से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। चेन्नई से चार्टर्ड विमान से शाम करीब 4:00 बजे त्रिची पहुंचने पर वे चथिरम बस स्टैंड के सामने स्थित सेंट जोसेफ कॉलेज में आयोजित होने वाली एक आभार सभा को संबोधित करेंगे।जनसभा से पहले वे रोड शो भी करेंगे। 10 मई को अपने शपथ ग्रहण समारोह के बाद उनका पहला जन संबोधन होगा। उनकी सुरक्षा के लिए त्रिची ईस्ट में पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं, ताकि आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।




साइन इन