Tamil Nadu: पहली बार चुनाव लड़े और MLA बन गए; ऑटो ड्राइवर से टक्कर में उड़े दिग्गज, कौन हैं विजय धामू?
लोकतंत्र में जनता ही असली मालिक होती है, इसका ज्वलंत उदाहरण तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में देखने को मिला है। अभिनेता विजय की पार्टी TVK के उम्मीदवार और पेशे से ऑटो चालक के विजय धामू ने रॉयपुरम सीट पर बड़ी राजनीतिक हस्तियों को शिकस्त देते हुए शानदार जीत हासिल की है।

लोकतंत्र में जनता ही असली मालिक होती है, इसका ज्वलंत उदाहरण तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में देखने को मिला है। अभिनेता विजय की पार्टी TVK के उम्मीदवार और पेशे से ऑटो चालक के विजय धामू ने रॉयपुरम सीट पर बड़ी राजनीतिक हस्तियों को शिकस्त देते हुए शानदार जीत हासिल की है। विजय धामू ने 55000 से अधिक वोट प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पर 14000 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। इस सीट पर एआईएडीएमके के पांच बार के विधायक और दिग्गज नेता डी. जयकुमार को करारी हार का सामना करना पड़ा। वे महज 18000 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर सिमट गए, जबकि दिवंगत मंत्री रहमान खान के बेटे और डीएमके उम्मीदवार सुबैर खान दूसरे स्थान पर रहे।
दरअसल, रॉयपुरम की जनता ने इस चुनाव में पारिवारिक विरासत और बड़े चेहरों को नकारते हुए एक साधारण ऑटो ड्राइवर पर भरोसा जताया। विजय मक्कल इयक्कम से जुड़े धामू ने अपने अभियान के दौरान खुद को 'आम आदमी' के रूप में पेश किया। उन्होंने कहा था कि आप हमें नया चेहरा कह सकते हैं, लेकिन हम सालों से जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। उम्मीदवार घोषणा के समय अभिनेता विजय को भावुक होकर गले लगाते उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी, जो पार्टी के बढ़ते जनसमर्थन का प्रतीक बन गई।
बताया जा रहा है कि अभिनेता विजय ने रणनीति के तहत TVK ने हर सीट पर स्थानीय उम्मीदवारों को मौका दिया और खुद को पूरे राज्य का चेहरा बनाया। 'थलपति फैक्टर' के सहारे पार्टी ने पूरे तमिलनाडु में क्रांति ला दी है। अब तक TVK ने 27 से अधिक सीटों पर जीत हासिल कर ली है और कई स्थानों पर दिग्गज नेताओं को हराने में सफल रही। कहा जा रहा है कि रॉयपुरम के तटीय क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए धामू के घोषणापत्र में मछुआरा समुदाय के विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे और सामाजिक सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया था, जिसने स्थानीय मतदाताओं को आकर्षित किया।
यह चुनाव परिणाम एआईएडीएमके के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि 1991 से यह सीट जयकुमार का गढ़ मानी जाती थी। वहीं डीएमके की मौजूदा विधायक को हटाकर सुबैर खान को उतारने की रणनीति भी उलटी पड़ गई। विजय धामू का ऑटो स्टैंड से विधानसभा तक का सफर अब TVK के 'आम आदमी' एजेंडे का सबसे बड़ा प्रतीक बन गया है। अब यह जीत न केवल रॉयपुरम बल्कि पूरे तमिलनाडु में चर्चा का विषय बनी हुई है।




साइन इन