Tamil Nadu Assembly Update Thalapathy Vijay TVK fails to secure majority Governor disapproves तमिलनाडु में फंसा सत्ता का पेच, बहुमत नहीं जुटा पाए थलापति विजय; लोकभवन से क्या निर्देश?, India News in Hindi - Hindustan
More

तमिलनाडु में फंसा सत्ता का पेच, बहुमत नहीं जुटा पाए थलापति विजय; लोकभवन से क्या निर्देश?

तमिलनाडु  विधानसभा में ऐतिहासिक जीत हासिल करने वाले थलापति विजय बहुमत हासिल करने में असमर्थ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक विजय को कांग्रेस के समर्थन के बाद भी तमिलनाडु राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को भरोसा नहीं है कि उनके पास पूर्ण बहुमत है।

Wed, 6 May 2026 05:06 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
तमिलनाडु में फंसा सत्ता का पेच, बहुमत नहीं जुटा पाए थलापति विजय; लोकभवन से क्या निर्देश?

Vijay Thalapathy: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में ऐतिहासिक जीत हासिल करन के बाद थलापति विजय सत्ता हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं। बुधवार को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात करके कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाने का दावा पेश किया है। हालांकि, पीटीआई के लोकभवन सूत्रों के अनुसार राज्यपाल को अभी भी इस बात का भरोसा नहीं है कि विजय की पार्टी टीवीके पर्याप्त संख्याबल जुटाने में समर्थ है।

गौरतलब है कि 234 सदस्य वाली तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत हासिल करने के लिए टीवीके को 118 विधायकों की जरूरत है। विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी को 108 सीटों पर जीत मिली है। विजय ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा है। ऐसे में उन्हें एक सीट खाली करनी होगी। कुल मिलाकर टीवीके के खाते में 107 सीटें हैं। इस आधार पर उन्हें 11 विधायकों की जरूरत है। कांग्रेस के पास केवल पांच विधायक हैं, जो टीवीके के आंकड़े को 111 तक ले जाते हैं। सात विधायकों की कमी को पूरा करने के लिए विजय अन्य छोटी पार्टियों के सहारे हैं। यहीं पर पेच फंसा हुआ है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:INDIA गठबंधन का अंत: कांग्रेस के DMK से अलग होकर TVK को समर्थन देने पर भाजपा

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, टीवीके ने कांग्रेस के अलावा डीएमकी की सहयोगी वीसीके, वामपंथी पार्टियों, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग आदि से समर्थन मांगा था। कांग्रेस ने समर्थन के लिए हामी भरी है। वहीं लेफ्ट पार्टियों और आईयूएमएल ने समर्थन देने से साफ इनकार कर दिया है। वहीं, वीसीके ने बताया कि अभी तक उसने इस पर कोई फैसला नहीं किया है। लोकभवन के सूत्रों के मुताबिक भले ही विजय ने कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाने का दावा पेश किया है, लेकिन राज्यपाल को इस पर भरोसा नहीं है। राज्यपाल अभी इस मुद्दे पर कानूनी सलाह ले रहे हैं। ऐसे में राज्यपाल की तरफ से विजय को पूर्ण बहुमत हासिल करने का निर्देश दिया गया है। विजय की पार्टी बहुमत हासिल करने के लिए लगातार दूसरी छोटी पार्टियों से संपर्क बनाए हुए है।

बता दें, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके की 108 सीटों के अलावा, डीएमके को 59, एआईडीएमके को 47, कांग्रेस की 5, पीएमके को 4, आईयूएमएल को 2 सीटें हैं। इसके अलावा भाजपा, एएमएमके और डीएमडीके को एक-एक सीटें मिली हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सरकार बनना तय मान रहे थे थलापति विजय, फिर कैसे फंस गया मामला; इनसाइड स्टोरी

सूत्रों के मुताबिक इन पार्टियों में से डीएमके, एआईडीए और भाजपा को छोड़कर विजय की पार्टी ने सभी से समर्थन मांगा था। इनमें से केवल कांग्रेस पार्टी ने ही खुलकर विजय का समर्थन किया है। कांग्रेस पार्टी के तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोंडकर ने कहा कि पार्टी इस बात में भरोसा करती है कि तमिलनाडु में भाजपा के सत्ता में आने के बजाय एक धर्मनिरपेक्ष सरकार सत्ता हासिल करे। पार्टी की तरफ से टीवीके को समर्थन देने की औपचारिक घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी तमिलनाडु मुख्यालय के बाहर पटाखे छोड़कर जश्न मनाया।