Smugglers built bunkers underground on Bangladesh border BSF crackdown syrup seized बांग्लादेश बॉर्डर पर तस्करों ने जमीन के अंदर बना लिए बंकर, BSF ने किया पर्दाफाश; नशीले सिरप जब्त, India News in Hindi - Hindustan
More

बांग्लादेश बॉर्डर पर तस्करों ने जमीन के अंदर बना लिए बंकर, BSF ने किया पर्दाफाश; नशीले सिरप जब्त

  • फेंसिडिल सिरप में कोडीन की मौजूदगी के कारण यह नशीले पदार्थ के रूप में तस्करों के बीच काफी लोकप्रिय है। बरामद सिरप की खेप को भूमिगत टैंकों में छिपाया गया था।

Sat, 25 Jan 2025 06:32 PMAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, नदिया (पश्चिम बंगाल)
share
बांग्लादेश बॉर्डर पर तस्करों ने जमीन के अंदर बना लिए बंकर, BSF ने किया पर्दाफाश; नशीले सिरप जब्त

भारत-बांग्लादेश सीमा के पास मझदिया कस्बे में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक बड़े अभियान के तहत तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस अभियान में बीएसएफ ने तीन भूमिगत बंकरों से 62,200 बोतल फेंसिडिल कफ सिरप जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹1.4 करोड़ बताई जा रही है। यह कार्रवाई बीएसएफ की 32वीं बटालियन, दक्षिण बंगाल फ्रंटियर द्वारा की गई।

गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, बीएसएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि मझदिया कस्बे के नघाटा इलाके में तस्करों ने घने जंगल और लोहे की चादरों से बनी एक झोपड़ी के नीचे भूमिगत बंकर बनाए हैं। इन बंकरों का इस्तेमाल प्रतिबंधित सामान छुपाने के लिए किया जा रहा था। इसके बाद बीएसएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर भारी मशीनरी, जैसे जेसीबी, की मदद से इन बंकरों का पता लगाया और फेंसिडिल सिरप का बड़ा स्टॉक बरामद किया।

कोडीन युक्त सिरप तस्करों की पहली पसंद

फेंसिडिल सिरप में कोडीन की मौजूदगी के कारण यह नशीले पदार्थ के रूप में तस्करों के बीच काफी लोकप्रिय है। बरामद सिरप की खेप को भूमिगत टैंकों में छिपाया गया था। बीएसएफ के मुताबिक, इस तस्करी रैकेट को काफी योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया जा रहा था ताकि सुरक्षा बलों की नजर से बचा जा सके।

सीमा पर बढ़ती चुनौतियां

बीएसएफ के इस ऑपरेशन ने सीमा क्षेत्र में तस्करों द्वारा अपनाए जा रहे एडवांस और रणनीतिक तरीकों को उजागर किया है। यह बरामदगी ऐसे समय में हुई है जब भारत-बांग्लादेश सीमा पर तनाव बढ़ा हुआ है। हाल ही में मालदा जिले में हुई एक झड़प में पांच लोग, जिनमें तीन पुलिसकर्मी भी शामिल थे, घायल हो गए थे।

बंकरों के उपयोग पर गहन जांच शुरू

बीएसएफ ने इस बात की जांच शुरू कर दी है कि इन बंकरों का इस्तेमाल केवल ड्रग्स की तस्करी के लिए किया गया था या फिर इनमें हथियार, विस्फोटक सामग्री या घुसपैठियों को भी छुपाया गया था। इस ऑपरेशन ने तस्करी नेटवर्क पर बड़ी चोट पहुंचाई है और सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों के सतर्कता अभियान की आवश्यकता को फिर से रेखांकित किया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हसीना विरोधी मेरा बेटा, फंसाया गया; चुनावी मुद्दा बनाएगा सैफ के हमलावर का पिता
ये भी पढ़ें:तनावपूर्ण संबंध दुख देता है; भारत संग बांग्लादेश के खराब होते रिश्तों पर यूनुस

बीएसएफ का बयान

बीएसएफ ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, "सीमा सुरक्षा बल की 32वीं बटालियन, दक्षिण बंगाल फ्रंटियर द्वारा नदिया जिले के मझदिया कस्बे के नघाटा क्षेत्र में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बड़ा ऑपरेशन किया गया। इस ऑपरेशन में तीन भूमिगत भंडारण टैंकों से 62,200 बोतल फेंसिडिल बरामद की गई, जिनकी अनुमानित कीमत ₹1,40,58,444/- है। यह तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता है।"