Saif Ali Khan attacker father gets chance to make it an election issue in Bangladesh accuses India हसीना का विरोधी है मेरा बेटा, भारत ने फंसाया; बांग्लादेश में चुनावी मुद्दा बनाएगा सैफ के हमलावर का पिता, International Hindi News - Hindustan
More

हसीना का विरोधी है मेरा बेटा, भारत ने फंसाया; बांग्लादेश में चुनावी मुद्दा बनाएगा सैफ के हमलावर का पिता

  • अमीन ने यह भी बताया कि उसने इस मामले में वरिष्ठ बीएनपी नेताओं से संपर्क किया है और इस रविवार को भारतीय उच्चायोग और विदेश मंत्रालय का दरवाजा खटखटाने की योजना बना रहे हैं।

Sat, 25 Jan 2025 04:01 PMAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, ढाका
share
हसीना का विरोधी है मेरा बेटा, भारत ने फंसाया; बांग्लादेश में चुनावी मुद्दा बनाएगा सैफ के हमलावर का पिता

मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के आरोप में अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम शरीफुल फकीर है और वह बांग्लादेश का रहने वाला है। अब शरीफुल के पिता मोहम्मद रोहुल अमीन ने भारतीय एजेंसियों पर उसके बेटे को फंसाने का आरोप लगाया है। रोहुल अमीन बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के झालोकाठी जिले के यूनियन परिषद डिवीजन का उपाध्यक्ष है। उसने कहा कि वह इस मामले को बांग्लादेश में आगामी चुनावों का प्रमुख मुद्दा बनाएगा। उसने ये भी कहा कि उसका बेटा शेख हसीना की पार्टी का विरोधी था। बता दें कि पूर्व पीएम खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी अपने भारत विरोधी रुख के लिए जानी जाती है।

"मेरे बेटे को बनाया गया निशाना"

टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए रोहुल अमीन ने दावा किया कि उसके बेटे शरीफुल फकीर को भारतीय पुलिस ने झूठे मामले में फंसाया है। उसने कहा, "मुंबई पुलिस ने मेरे बेटे को केवल इसलिए गिरफ्तार किया क्योंकि उसकी शक्ल असली संदिग्ध से मिलती-जुलती है। मेरे बेटे का अपराध से कोई लेना-देना नहीं है। वह अवैध तरीके से भारत जरूर आया था, लेकिन वह किसी के घर में घुसकर हमला करने या चोरी करने की सोच भी नहीं सकता।"

भारतीय उच्चायोग में दखल की मांग

अमीन ने यह भी बताया कि उसने इस मामले में वरिष्ठ बीएनपी नेताओं से संपर्क किया है और इस रविवार को भारतीय उच्चायोग और विदेश मंत्रालय का दरवाजा खटखटाने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं भारतीय अधिकारियों पर कूटनीतिक दबाव बनाने की कोशिश करूंगा ताकि मेरे बेटे को न्याय मिल सके।"

"सत्तारूढ़ अवामी लीग के खिलाफ सक्रिय था बेटा"

रोहुल अमीन ने कहा कि शेख हसीना की अवामी लीग के शासन के दौरान उसके बेटे को राजनीतिक उत्पीड़न झेलना पड़ा, क्योंकि वह बीएनपी की प्रमुख नेता खालिदा जिया का समर्थक था। उसने कहा, "शेख हसीना की सरकार के आने के बाद बहुत से बीएनपी कार्यकर्ताओं को छिपना पड़ा। मेरा बेटा भी इसी कारण बांग्लादेश छोड़ने को मजबूर हुआ।"

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सैफ अली खान अटैक केस के आरोपी को कोर्ट ने 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा
ये भी पढ़ें:सैफ अटैक केस के आरोपी ने हमले के बाद बांग्लादेश लगाया था फोन, इससे की थी बात

मुंबई पुलिस का पक्ष

मुंबई पुलिस का कहना है कि शरीफुल फकीर के फिंगरप्रिंट्स घटनास्थल से मिले सबूतों से मेल खाते हैं। पुलिस ने दावा किया कि उनके पास ठोस सबूत हैं जो फकीर को इस हमले से जोड़ते हैं। फिलहाल अमीन अब अपने बेटे की गिरफ्तारी को चुनावी मुद्दा बनाने पर जुटा है। उसने कहा कि भारतीय पुलिस की यह कार्रवाई उसके बेटे के मामले को आगामी ग्रामीण स्थानीय निकाय चुनावों में एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाएगी। उन्होंने कहा, "हम इस मामले को दुनिया के सामने रखेंगे। यह भारतीय एजेंसियों द्वारा बांग्लादेशियों पर किए जा रहे अत्याचारों का एक और उदाहरण है।"

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।