नयनतारा से शादी करा देंगे क्या? अन्नाद्रमुक सांसद के बिगड़े बोल, पूरा मामला क्या
अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के राज्यसभा सांसद और पूर्व कानून मंत्री सी. वी. षणमुगम के एक अभिनेत्री के संबंध में विवादास्पद बयान से राज्य में विवाद खड़ा हो गया है।

अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के राज्यसभा सांसद और पूर्व कानून मंत्री सी. वी. षणमुगम के एक अभिनेत्री के संबंध में विवादास्पद बयान से राज्य में विवाद खड़ा हो गया है। राज्य में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों के खिलाफ पार्टी ने एक विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया था। सांसद अपने पैतृक जिले में विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के कार्यक्रम ‘हमें अपना सपना बताएं’ की आलोचना करते हुए अचानक कहा, ‘मुझे नयनतारा चाहिए, क्या मुख्यमंत्री मेरी यह इच्छा पूरी करेंगे।’ वह नहीं रुके, बल्कि सांसद ने यहां तक कह डाला कि मुख्यमंत्री नयनतारा से शादी करने के किसी के सपने को पूरा करेंगे?’
नेताओं में काफी ज्यादा रोष
षणमुगम के इस टिप्पणी से विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं में रोष फैल गया और उन्होंने उनसे बिना शर्त सार्वजनिक माफी की मांग की। तमिलनाडु कांग्रेस समिति (टीएनसीसी) के अध्यक्ष के. सेल्वापेरुन्थागाई सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने श्री षणमुगम पर अभिनेत्रियों को नीचा दिखाने का आरोप लगाया और उनसे बिना शर्त माफी की मांग की।उन्होंने यह भी कहा कि टीएनसीसी महिला मोर्चा की सदस्य राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन आयोजित करेंगी और श्री षणमुगम के माफी मांगने तक काले झंडे दिखाकर प्रदर्शन करेंगी।
पार्टी से निष्कासित करने की मांग
कांग्रेस सांसद सुश्री जोतिमणि ने सांसद की टिप्पणियों की निंदा करते हुए उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की। राजनीतिक दलों के नेताओं ने अन्नाद्रमुक नेतृत्व से भी उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उन्हें पार्टी से निष्कासित करने का आग्रह किया। तमिलनाडु नडिगर संगम (कलाकार संघ) के सदस्यों और फिल्मी कलाकारों ने भी श्री षणमुगम की टिप्पणियों की कड़ी निंदा की है।
पहली बार विवादास्पद टिप्पणी नहीं
षणमुगम के बयान पर एआईएडीएमके ने अब तक आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। हालांकि, एनडीटीवी के मुताबिक एक पार्टी प्रवक्ता ने नाम न छापने की शर्त पर कहाकि संगठन इस बयान से खुद को अलग करता है। उन्होंने कहाकि ऐसी टिप्पणियों का बचाव करना प्रवक्ता की भूमिका नहीं है। वैसे यह पहली बार नहीं है जब षणमुगम ने महिलाओं से संबंधित टिप्पणियों को लेकर विवाद खड़ा किया हो। पिछले साल, उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाकर लोगों में आक्रोश उत्पन्न किया था कि वे अपने चुनावी वादों के हिस्से के रूप में ‘एक मुफ्त पत्नी’ की भी घोषणा कर सकते हैं।




साइन इन