सतीशन को CM की कुर्सी तो मिली, पर नहीं मिल रहा इंस्टाग्राम यूजरनेम; META से लगाई गुहार
अब सतीशन की टीम मेटा के पास पहुंची है, ताकि उन्हें नए मुख्यमंत्री कार्यालय के नाम पर एक यूजरनेम मिल जाए। साथ ही कांग्रेस नेता की टीम इस बात से भी हैरान है कि अब तक पुरानी सरकार ने सीएमओ के लिए यूजरनेम क्यों नहीं रखा था।

वीडी सतीशन सोमवार को केरल के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं। इससे पहले उन्होंने जानकारी दी है कि साथ ही 20 मंत्री भी शपथ लेने जा रहे हैं। खबर है कि दिग्गजों के साथ सीएम पद की रेस में जीते सतीशन की सोशल मीडिया टीम अलग ही तरह की परेशानी का सामना कर रही है। दरअसल, टीम को सोशल मीडिया के लिए यूजरनेम नहीं मिल रहा है, जिसके संबंध में META से भी गुहार लगाई गई है।
क्या है परेशानी
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, केरल मुख्यमंत्री कार्यालय का आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल नहीं है। वहीं, सतीशन की टीम ने पाया कि CMOKerala और CMOKeralam जैसे नाम पहले ही साइबर स्क्वैटर्स के पास हैं। साइबर स्क्वैटर्स का मतलब, जब कोई व्यक्ति या ग्रुप किसी मशहूर कंपनी, ब्रांड, सेलिब्रिटी या राजनेता के नाम का डोमेन नाम या सोशल मीडिया हैंडल उनसे पहले ही रजिस्टर या बुक कर लेता है।
META से लगाई गुहार
रिपोर्ट के अनुसार, अब सतीशन की टीम मेटा के पास पहुंची है, ताकि उन्हें नए मुख्यमंत्री कार्यालय के नाम पर एक यूजरनेम मिल जाए। साथ ही कांग्रेस नेता की टीम इस बात से भी हैरान है कि अब तक पुरानी सरकार ने सीएमओ के लिए यूजरनेम क्यों नहीं रखा था।
सोमवार को होगी शपथ
सतीशन और 20 मंत्री सोमवार को शपथ लेने जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी है कि मंत्रिमंडल में 14 सदस्य ऐसे होंगे जो पहली बार मंत्री बनेंगे, जिनमें दो महिलाएं और अनुसूचित जाति समुदाय के दो सदस्य शामिल हैं। आईयूएमएल सहित सहयोगी दलों को कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। सतीशन ने कहा कि कांग्रेस को 63 सीटें मिलने के बावजूद कई योग्य नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल सकी। उन्होंने इसे राज्य में पार्टी की सबसे बड़ी जीत में से एक बताया।
उन्होंने कहा, 'नए चेहरों को आने दीजिए। सभी के लिए अवसर होना चाहिए।' नामित मुख्यमंत्री से जब कुछ प्रमुख नामों को शामिल न किए जाने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि ऐसे अन्य लोग भी हो सकते हैं जो समान रूप से या अधिक योग्य हों। उन्होंने कहा, 'हालांकि, जब कांग्रेस जैसी पार्टी निर्णय लेती है, तो सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन जैसे कारकों पर विचार करना पड़ता है। ऐतिहासिक जीत के बाद हमारे पास 63 विधायक हैं, लेकिन मंत्रिमंडल में केवल 11 को ही जगह दे पाए हैं।'
उन्होंने बताया कि जहां पिछले मंत्रिमंडल में कोई अनुसूचित जाति का मंत्री नहीं था, वहीं नए मंत्रिमंडल में दो अनुसूचित जाति के मंत्री शामिल होंगे। सतीशन ने कहा, 'केरल में कांग्रेस के हालिया इतिहास में केवल दो महिला मंत्री रही हैं, और एक महिला को ही विधानसभा उपाध्यक्ष पद के लिए चुना गया है।' उन्होंने मंत्रिमंडल के निर्णयों पर कहा कि पहली बैठक के तुरंत बाद घोषणाएं की जाएंगी।
ये मेहमान होंगे शामिल
सतीशन ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कई मुख्यमंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की उम्मीद है। सतीशन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा)के प्रदेश सचिव बिनॉय विश्वम और आईयूएमएल के नेताओं के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है।




साइन इन