मोदी जी, झोला उठाओ और... उद्धव गुट सांसद संजय राउत का प्रधानमंत्री पर तीखा हमला
शिवेसना उद्धव गुट के सांसद संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने रुपए की घटती कीमतों और देश में बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र पर हमला बोलते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि पीएम को चले जाना चाहिए।

Sanjay Raut attack on PM Modi: पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच रुपए की कीमत में गिरावट, गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर उद्धव गुट के सांसद संजय राउत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने रुपये के गिरने पर चिंता जताई और प्रधानमंत्री की उस पुरानी टिप्पणी को याद दिलाया, जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि “जब रुपया गिरता है तो देश की साख और प्रतिष्ठा गिरती है।” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री महंगाई की बजाय चुनावी राजनीति में ज्यादा व्यस्त हैं।
नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उद्धव गुट के सांसद ने कहा, "अबकी बार 100 के पार… मोदी जी कहां हैं? वह पश्चिम बंगाल में हैं, ममता बनर्जी को हराने के लिए राष्ट्रपति शासन की तैयारी कर रहे हैं। मोदी जी और अमित शाह वहां ‘खेला’ करने की कोशिश कर रहे हैं और इधर रुपये की कीमत गिर रही है। मोदी जी कहते थे कि रुपये के गिरने से देश की प्रतिष्ठा गिरती है, तो अब क्या गिर रहा है?” उन्होंने हमला बोलते हुए कहा, "मोदी जी, अब झोला उठाइए और चले जाइए।"
देश में महंगाई पश्चिम एशिया संकट की वजह से नहीं: संजय राउत
एएनआई से बातचीत करते हुए संजय राउत ने रुपए की घटती कीमत और महंगाई के लिए पश्चिम एशिया के संकट को कारण मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि रुपये की गिरावट प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की शुरुआत से ही जारी है। उन्होंने कहा, “सरकार चुप है और चुप ही रहेगी। जब रुपया गिरता है तो सिर्फ मुद्रा नहीं, देश की साख भी गिरती है। जिस तरह भारत की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है और रुपया लगातार गिर रहा है, उससे लगता है कि नरेंद्र मोदी अब देश का नेतृत्व करने में सक्षम नहीं हैं। आज युद्ध है, लेकिन पहले तो नहीं था। रुपया तब से गिरना शुरू हुआ जब मोदी प्रधानमंत्री बने। पीएम अभी भी चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं और रुपये की परवाह नहीं करते।”
राहुल गांधी ने भी साधा निशाना
संजय राउत से पहले लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी रुपए की कीमत में गिरावट और औद्योगिक ईंधन की बढ़ती कीमतों पर चिंता जाहिर करते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने भविष्य में महंगाई बढ़ने की आशंका जताई और कहा कि सरकार के पास कोई स्पष्ट आर्थिक रणनीति नहीं है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, “डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होकर 100 की ओर बढ़ रहा है और औद्योगिक ईंधन की कीमतों में तेज वृद्धि, ये सिर्फ आंकड़े नहीं, आने वाली महंगाई के संकेत हैं। मोदी सरकार के पास न दिशा है, न रणनीति सिर्फ खोखली बयानबाजी है। सवाल यह नहीं है कि सरकार क्या कह रही है, बल्कि यह है कि आपकी थाली में क्या बचा है।” गौरतलब है कि राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में जारी तनाव और विदेशी निवेश के बाहर जाने के बीच भारतीय रुपया कमजोर होकर डॉलर के मुकाबले 93 के स्तर को पार कर गया और नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया।




साइन इन