हृदय मा छे काबा, नयन मदीना; उलटे BJP को फायदा करा गया TMC सांसद सायोनी घोष का गाना
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ने कमाल कर दिया है। पहली बार यहां कमल खिला है। भाजपा की जीत और टीएमसी की हार के कई कारणों में सायोनी घोष का वह गाना भी शामिल किया जा रहा है, जिसकी वजह से ध्रुवीकरण को और हवा मिली।

हृदय मा छे काबा, नयने मदीना…; पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद सायोनी घोष का यह गाना खूब वायरल हुआ, जिसका अर्थ है, ‘मेरे दिल में काबा है और आंखों में मदीना।’ इस्लाम के सबसे पवित्र स्थलों पर रचे गए इस गीत के जरिए सायोनी की कोशिश तो थी टीएमसी के प्रति मुसलमानों की गोलबंदी को मजबूत करना पर असर उलटा हो गया और हिंदुओं के ध्रुवीकरण ने भाजपा का सबसे बड़ा सपना साकार कर दिया है।
33 साल की सायोनी घोष जादवपुर सीट से लोकसभा की सांसद हैं। बंग्ला फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री और गायिका होने के साथ ही तृणमूल कांग्रेस में बड़ी जिम्मेदारी संभालने वाली सायोनी इस चुनाव में उन नेताओं में शामिल थीं, जिनकी रैलियों में सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ी। चुनाव प्रचार के दौरान कुछ मंचों से अपनी सुरीली आवाज में जब सायोनी ने 'हृदय मा छे काबा, नयने मदीना' गाया तो वह वायरल हो गईं। इसके बाद ना सिर्फ कई चुनावी मंचों से बल्कि टीवी इंटरव्यू और मीडिया से बातचीत के दौरान वह इस गाने को दोहराती नजर आईं।
भाजपा ने लपका मौका
सायानी घोष के इस गाने ने भाजपा को वह मौका दिया जिसका फायदा उठाने में भगवा दल ने कोई कसर नहीं छोड़ी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि टीएमसी के चुनावी मंच से मुसलमानों के इस गीत ने ध्रुवीकरण को चरम पर पहुंचा दिया। इसका असर यह हुआ कि पहले भी मुसलमानों का वोट एकमुश्त पाने वाली टीएमसी ने उन हिंदुओं के एक बड़े हिस्से को भाजपा के करीब जाने को विवश किया जो अब तक 'दीदी' के साथ थे। भाजपा नेताओं ने अपने मंचों से कहा कि ‘बंगाल काबा नहीं, काली की धरती है।’ भाजपा ने जिस तरह सायोनी के गाने को मुद्दा बनाया उससे खुद सांसद को नुकसान का आभास हो गया और बाद में वह हनुमान चालीसा का पाठ करतीं नजर आईं। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
भाजपा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद सबसे अधिक भीड़ जुटाने वाले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि तृणमूल बंगाली पहचान के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा, 'बंगाल की पहचान काबा से नहीं, बल्कि मां कालीबाड़ी से है।' उन्होंने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पर भी परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए उन्हें 'बुआ और भतीजा' कहा और कहा कि वे राज्य के अस्तित्व को कमजोर कर रहे हैं।
उमा भारती बोलीं- गाना ले डूबा टीएमसी को
भाजपा की वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भी सायोनी के गाने को टीएमसी की हार का जिम्मेदार बताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'बंगाल की जीत के लिए मोदी जी, अमित शाह जी, नितिन नवीन जी और बंगाल के असंख्य कार्यकर्ताओं को बधाई एवं अभिनंदन। अबकी बार जीत तो हमारी होनी ही थी लेकिन ममता बनर्जी की ही पार्टी की एक सांसद का यह गाना ममता जी को ले डूबा।'




साइन इन