रोहतक के डी-पार्क मार्केट में भीषण आग; 10 से ज्यादा दुकानें खाक, 3 की मौत
हरियाणा के रोहतक के डी-पार्क मार्केट में मंगलवार दोपहर एक जूते के शोरूम से भीषण आग फैल गई, जिससे 10 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।

हरियाणा के रोहतक शहर के डी-पार्क मार्केट में मंगलवार को एक जूते के शोरूम से शुरू हुई भीषण आग ने देखते ही देखते बड़ी संख्या में दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयानक हादसे में 3 लोगों लोगों की जलकर मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात की। पुलिस आग लगने की वजहों की जांच कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को रोहतक के डी-पार्क मार्केट इलाके में कुछ दुकानों में भीषण आग लग गई। आग दोपहर में एक जूते के शोरूम से शुरू हुई और इतनी तेजी से फैली कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। आग में 10 से अधिक दुकानें खाक हो गईं। इस भीषण अग्निकांड में 3 लोगों की मौत हो गई है। सभी पुरुष हैं। मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
डी-पार्क मार्केट इलाका रोहतक शहर के सबसे पुराने बाजारों में से एक है। यह इलाका हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के घर के पास है। आग लगने के बाद पुलिस और प्रशासन ने बाजार खाली करा लिया। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों पर नजर रखी। आग दोपहर में एक जूतों के शोरूम में लगी और फिर तेजी से आस-पास की दुकानों में फैल गई। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कई घंटे लग गए।
एक चश्मदीद ने बताया कि दुकानों से ऊंची लपटें उठते ही अफरातफरी मच गई। आग लगने की सही वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौके पर पहुंचे और उन दुकानदारों से मिले। उन्होंने कहा कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिवार के एक सदस्य को सरकार की ओर से नौकरी दी जानी चाहिए। सरकार की ओर से क्षतिग्रस्त इमारतों, दुकानों और उनमें रखे सामान के लिए पूरा मुआवजा देना चाहिए।
सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने आगे कहा कि हम लोग सभी पीड़ित दुकानदारों के साथ हैं। पीड़ितों का सामान काफी नुकसान हुआ है। इमारतें 100 फीसदी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। उनको सरकार की ओर से आर्थिक मदद दी जानी चाहिए। कई पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना आग बुझाने में मदद की और बचाव अभियान चलाया। दमकल विभाग की कुछ गाड़ियां देर से पहुंची जिसकी जांच कराई जानी चाहिए।
आग इतनी भयावह थी कि धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर से नजर आ रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि एक युवक बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था लेकिन धुएं के कारण वह वापस चला गया। स्थानीय लोगों का कहना था कि आग लगने के बाद दमकल की एक गाड़ी पहुंची। इसके बाद दमकल की अन्य गाड़ियों को बुलाया गया। आरोप है कि इसमें काफी देरी हुई।




साइन इन