अबकी बार जमीन, समुद्र और हवा... ऑपरेशन सिंदूर 2.0 पर आर्मी वेस्टर्न कमांड ने पाकिस्तान को चेताया
सेना ने यह भी कहा कि पिछले ऑपरेशन के दौरान आतंकवादी ठिकानों के साथ-साथ पाकिस्तान के सैन्य और एयरबेस को भी निशाना बनाया गया था, जिसके बाद पाकिस्तान ने सीधे और अन्य देशों के माध्यम से युद्धविराम की मांग की थी।

भारतीय सेना की पश्चिमी कमान ने पाकिस्तान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी उकसावे पर इस बार पहले से ज्यादा और “अधिक कठोर” जवाब दिया जाएगा। सेना ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन ‘सिंदूर 2.0’ जारी है और इसकी तैयारियां पहले से कहीं अधिक व्यापक हैं। पश्चिमी कमान के वरिष्ठ अधिकारियों ने पंजाब के पठानकोट में आयोजित एक ऑपरेशनल क्षमता प्रदर्शन के दौरान यह बयान दिया। राजेश पुष्कर, जो 2 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) हैं, ने कहा कि पिछले साल चलाए गए ऑपरेशन ‘सिंदूर’ ने पाकिस्तान को सख्त संदेश दिया था, लेकिन वह केवल एक “छोटा उदाहरण” था।
उन्होंने कहा कि महज चार दिनों के भीतर पाकिस्तान को घुटनों पर आने के लिए मजबूर होना पड़ा और उसने संघर्ष विराम की अपील की। उनके अनुसार, उस कार्रवाई का उद्देश्य केवल सीमित स्तर पर क्षमता का प्रदर्शन करना था, जबकि अब ‘सिंदूर 2.0’ के तहत कहीं बड़े पैमाने पर तैयारी की गई है। सेना अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में कार्रवाई का स्वरूप परिस्थितियों पर निर्भर करेगा और जरूरत पड़ने पर जमीन, समुद्र या हवा किसी भी मोर्चे पर जवाब दिया जा सकता है।
पाकिस्तान का “न्यूक्लियर ब्लफ” खारिज
इस बीच, पश्चिमी कमान के प्रमुख मनोज कुमार कटियार ने पाकिस्तान के “न्यूक्लियर ब्लफ” को खारिज करते हुए कहा कि भारत अब इस तरह के दबाव में नहीं आएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भारत को कड़ी कार्रवाई से रोकने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन भारतीय सेना पूरी तरह तैयार है। सेना ने यह भी कहा कि पिछले ऑपरेशन के दौरान आतंकवादी ठिकानों के साथ-साथ पाकिस्तान के सैन्य और एयरबेस को भी निशाना बनाया गया था, जिसके बाद पाकिस्तान ने सीधे और अन्य देशों के माध्यम से युद्धविराम की मांग की थी।
पिछले साल मई में हुआ था ऑपरेशन सिंदूर
बता दें कि भारतीय सैन्य बलों ने पिछले साल मई में पहलगाम आतंकी हमले के बाद Operation Sindoor शुरू किया था। पहलगाम में 26 लोग मारे गए थे। इसके बाद, इंडियन आर्म्ड फोर्सेज़ ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर सटीक मिलिट्री हमले किए। बहरहाल, सेना के ताजा बयान से स्पष्ट है कि भारत ने अपनी रणनीति और सैन्य तैयारी को और मजबूत किया है। किसी भी संभावित उकसावे की स्थिति में इस बार प्रतिक्रिया पहले से अधिक तीव्र और व्यापक हो सकती है।




साइन इन