PM Narendra Modi addressed BJP Parivartan Sankalp Yatra at Brigade Parade Ground in Kolkata बंगाल में अपराधियों को खुली छूट, बहन-बेटियों के खिलाफ हो रहे दिल दहलाने वाले अपराध; PM मोदी ने साधा निशाना, India News in Hindi - Hindustan
More

बंगाल में अपराधियों को खुली छूट, बहन-बेटियों के खिलाफ हो रहे दिल दहलाने वाले अपराध; PM मोदी ने साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का नाम बदलकर लाभार्थियों की सूची में गड़बड़ी की गई, जिससे गरीब परिवार आज भी पक्के घर के इंतजार में हैं।

Sat, 14 March 2026 04:32 PMNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
बंगाल में अपराधियों को खुली छूट, बहन-बेटियों के खिलाफ हो रहे दिल दहलाने वाले अपराध; PM मोदी ने साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा को संबोधित किया। यह रैली पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की प्रमुख चुनावी रणनीति का हिस्सा थी, जिसमें राज्य भर में परिवर्तन की मांग को तेज किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया और उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से 18 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं में सड़क, रेलवे, बंदरगाह और शिपिंग से जुड़े कार्य शामिल थे, जो राज्य के विकास को गति देने का दावा किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल में अभी उनकी सरकार नहीं है, लेकिन केंद्र के माध्यम से भाजपा विकास कार्यों में लगी हुई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पूर्वोत्तर का पहला ग्रीनफील्ड चार लेना वाला हाई स्पीड कॉरिडोर, पीएम मोदी ने रखी

पीएम मोदी ने कहा, 'हमारे बंगाल ने आज़ादी के बाद विभाजन सहा, विभाजन की आग देखी, मज़हबी दंगे देखे, बाद के दशकों में अस्थिरता देखी, घुसपैठ का दौर देखा, रक्तपात सहा, इन सबकी सबसे बड़ी भुक्तभोगी अगर कोई थी तो बंगाल की माताएं, बहनें, महिलाएं थी। लेफ्ट की सरकार में हत्या, बलात्कार और अपहरण का वह दौर कोई नहीं भूल सकता इसलिए आप लोग लेफ्ट को हटाकर बड़ी आशा के साथ TMC को लेकर आए। आपने टीएमसी पर भरोसा किया लेकिन TMC ने लेफ्ट के गुंडों, माफियाओं को ही अपनी पार्टी में शामिल कर लिया। आज बंगाल में अपराधियों को खुली छूट है, आए दिन बहन-बेटियों के खिलाफ दिल दहलाने वाले अपराध होते हैं।'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कोलकाता में PM की रैली से पहले झड़प; BJP-TMC के कार्यकर्ता भिड़े, कई घायल

अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का नाम बदलकर लाभार्थियों की सूची में गड़बड़ी की गई, जिससे गरीब परिवार आज भी पक्के घर के इंतजार में हैं। इसी तरह आयुष्मान भारत योजना को भी राजनीतिक कारणों से लागू नहीं किया जा रहा है। PM मोदी ने युवाओं के पलायन, बेरोजगारी और भर्ती घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस, कम्युनिस्ट और अब टीएमसी ने बंगाल को लूटा है। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी सरकार में नौकरियां खुलेआम बेची जा रही हैं और विकास कार्य ठप हैं।

TMC पर जमकर साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने रैली में जनसैलाब का जिक्र करते हुए कहा कि टीएमसी सरकार ने ब्रिज बंद करवाकर, ट्रैफिक जाम लगवाकर और भाजपा के झंडे-पोस्टर हटवाकर लोगों को रोकने की कोशिश की, लेकिन जनता नहीं रुकी। उन्होंने इसे निर्मम सरकार करार देते हुए कहा कि महाजंगलराज का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और जल्द ही बंगाल में कानून का राज स्थापित होगा। मोदी ने ब्रिगेड मैदान के ऐतिहासिक महत्व को याद दिलाया, जहां से अंग्रेजों के खिलाफ क्रांति शुरू हुई थी। उन्होंने घोषणा की कि आज यहां से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज चुका है और बदलाव दीवारों व दिलों में छप गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:NSA के तहत कितने दिन हिरासत में रखा जा सकता है? SC में होगी वांगचुक की सुनवाई

प्रधानमंत्री मोदी ने टीएमसी पर पलटवार करते हुए कहा कि कल TMC ने रैली में आने वालों को चोर कहा, लेकिन असली चोर कौन हैं, यह बंगाल की जनता जानती है। कुर्सी जाते देख बौखलाई सरकार अब हताश है। उन्होंने संकल्प लिया कि बंगाल से निर्मम सरकार का अंत होगा और महाजंगलराज का खात्मा होगा। यह रैली परिवर्तन संकल्प यात्रा का समापन थी, जिसमें भाजपा ने राज्य में बदलाव की मांग को मजबूत किया।