On India-US trade agreement Piyush Goyal says we would have wanted to speak about this in Parliament US ट्रेड डील में कृषि और डेयरी क्षेत्र को रखा आगे, पीयूष गोयल ने राहुल गांधी को क्यों घेरा, India News in Hindi - Hindustan
More

US ट्रेड डील में कृषि और डेयरी क्षेत्र को रखा आगे, पीयूष गोयल ने राहुल गांधी को क्यों घेरा

अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर टैरिफ 18 प्रतिशत तक घटा दिया है, जिससे कपड़ा, ऑटो कंपोनेंट्स जैसे क्षेत्रों में निर्यात बढ़ने की उम्मीद है। पीयूष गोयल ने इसे दो बड़ी लोकतांत्रिक शक्तियों के सहयोग से साझा समृद्धि का प्रतीक बताया।

Tue, 3 Feb 2026 06:09 PMNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
US ट्रेड डील में कृषि और डेयरी क्षेत्र को रखा आगे, पीयूष गोयल ने राहुल गांधी को क्यों घेरा

केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और विपक्षी दलों के कारण संसद में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बयान नहीं दिया जा सका। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, राहुल गांधी के नेतृत्व में डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी जैसे दलों ने संसद में अभद्र व्यवहार किया, स्पीकर की कुर्सी तक पहुंचकर अपमान किया, जिसके चलते सरकार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देनी पड़ी। गोयल ने राहुल गांधी की निंदा की और कहा कि उनकी वजह से संसद में चर्चा नहीं हो सकी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:LIVE: ये भारत को मजबूत करने वाली,देश को लंबे समय से था इंतजार;ट्रेड डील पर सरकार

पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को देश के लोगों के लिए अद्भुत अवसर बताते हुए इसे भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ समझौता करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से अपने घनिष्ठ संबंधों का लाभ उठाकर यह समझौता अंतिम रूप दिया, जो भारत के सभी पड़ोसियों और प्रतिस्पर्धी देशों से बेहतर है। गोयल ने जोर दिया कि समझौते में भारत के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

ताजा समझौते का क्या होगा असर

यह समझौता किसानों, एमएसएमई, उद्यमियों और कुशल श्रमिकों के लिए अभूतपूर्व अवसर खोलेगा। गोयल ने कहा कि इससे 'मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड', 'डिजाइन इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड' और 'इनोवेट इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड' की दिशा में तेजी आएगी। अमेरिका से तकनीक हासिल होगी, जो विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को गति देगी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की दूरदर्शिता की सराहना की।

US ने भारतीय सामानों पर घटाया टैरिफ

अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर टैरिफ 18 प्रतिशत तक घटा दिया है, जिससे कपड़ा, ऑटो कंपोनेंट्स जैसे क्षेत्रों में निर्यात बढ़ने की उम्मीद है। पीयूष गोयल ने इसे दो बड़ी लोकतांत्रिक शक्तियों के सहयोग से साझा समृद्धि का प्रतीक बताया और कहा कि यह द्विपक्षीय संबंधों में ऐतिहासिक मोड़ साबित होगा।