ओह… तो अब आप वर्चुअली पेश होने लगीं? राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनी गईं सांसद पर CJI ने ली चुटकी
सीनियर एडवोकेट मेनका गुरुस्वामी को अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (TMC) के टिकट पर राज्यसभा के लिए हाल ही में निर्विरोध चुना गया है। गुरुस्वामी एक जानी-मानी वकील और संवैधानिक विशेषज्ञ हैं।

देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के सामने आज (गुरुवार, 12 मार्च को) सीनियर एडवोकेट मेनका गुरुस्वामी वर्चुअली पेश हुईं, तो यह देखकर CJI मुस्कुरा उठे। उन्होंने इस पर चुटकी लेते हुए कहा, "ओह तो अब आप वर्चुअली पेश होने लगी हैं। आप तो हमेशा हमारी मदद के लिए यहां फिजिकली मौजूद रहती थीं।" इस पर सीनियर एडवोकेट गुरुस्वामी ने कहा, नहीं मीलॉर्ड... सिर्फ इस बार के लिए। मैं दिल से माफी मांगती हूं। इस पर CJI ने मुस्कुराते हुए कहा, "नहीं-नहीं। यह ठीक है।" उस समय CJI के अलावा जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस विपुल एम पंचोली भी मौजूद थे।
बता दें कि सीनियर एडवोकेट गुरुस्वामी हाल ही में राज्यसभा के लिए बिना किसी विरोध के चुनी गई हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए CJI ने उनकी वर्चुअल पेशी पर चुटकी ली। अभी हाल ही में SIR के मुद्दे पर CJI ने एडवोकेट गुरुस्वामी की दलील पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि वह इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे कि कोई ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के कामकाज पर ऊंगली उठाए। दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में प्रकाशित मतदाता सूची में तार्किक विसंगतियों को दूर करने के लिए दूसरे राज्यों से ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है।
LGBTQ समुदाय से चुनी गईं पहली सांसद
गौरतलब है कि सीनियर एडवोकेट मेनका गुरुस्वामी को अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (TMC) के टिकट पर राज्यसभा के लिए हाल ही में निर्विरोध चुना गया है। गुरुस्वामी एक जानी-मानी वकील और संवैधानिक विशेषज्ञ हैं। वह इस तरह LGBTQ समुदाय से संसद सदस्य (MP) के तौर पर चुनी जाने वाली पहली सदस्य बन गईं। गुरुस्वामी के अलावा, AITC के उम्मीदवार राजीव कुमार (पश्चिम बंगाल के पूर्व DGP), बाबुल सुप्रियो और कोयल मलिक भी चुने गए हैं।
गुरुस्वामी पश्चिम बंगाल सरकार और AITC की पैरवीकार
बता दें कि गुरुस्वामी पश्चिम बंगाल सरकार और AITC की ओर से कई अहम मामलों में पेश होती रही हैं, जिनमें हाल ही के SIR और IPAC-ED रेड से जुड़े मामले भी शामिल हैं। चुनावी राज्य बंगाल में राज्यसभा चुनाव के लिए पांच सांसद निर्विरोध चुने गए हैं। इनमें तृणमूल के चार और भाजपा के एक उम्मीदवार शामिल हैं। भाजपा के पूर्व बंगाल प्रमुख राहुल सिन्हा भगवा पार्टी की ओर से ऊपरी सदन के लिए चुने गए हैं।




साइन इन