Mamata Bhawanipur constituency saw four times more deletions than Suvendu Nandigram ममता के भवानीपुर से शुभेंदु के नंदीग्राम की तुलना में 4 गुणा अधिक नाम वोटर लिस्ट से हटे, India News in Hindi - Hindustan
More

ममता के भवानीपुर से शुभेंदु के नंदीग्राम की तुलना में 4 गुणा अधिक नाम वोटर लिस्ट से हटे

भवानीपुर पर राजनीतिक ध्यान केंद्रित होने के बावजूद, यह मतदाता सूची से सबसे अधिक नाम हटाए जाने वाला निर्वाचन क्षेत्र नहीं है। राज्य के 294 विधानसभा क्षेत्रों में से सबसे अधिक नाम उत्तरी कोलकाता के चौरंगी में हटाए गए।

Fri, 12 Dec 2025 11:49 PMNiteesh Kumar भाषा
share
ममता के भवानीपुर से शुभेंदु के नंदीग्राम की तुलना में 4 गुणा अधिक नाम वोटर लिस्ट से हटे

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र उन निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है, जहां सबसे अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के नंदीग्राम निर्वाचन क्षेत्र की तुलना में भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र से लगभग 4 गुना अधिक नाम हटाये गए हैं। चुनाव आयोग की ओर से शुक्रवार को जारी निर्वाचन वार आंकड़े से यह जानकारी सामने आयी। निर्वाचन आयोग ने SIR प्रक्रिया के तहत जनगणना प्रपत्र जमा करने की समय सीमा समाप्त होने के एक दिन बाद आंकड़े जारी किए, जिससे राज्य भर में महत्वपूर्ण भिन्नताएं सामने आईं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हुमायूं कबीर के दांव पर AIMIM दो फाड़? बंगाल की सियासी खिचड़ी से टेंशन में ओवैसी

आंकड़े से पता चला है कि दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में जनवरी 2025 में सूचीबद्ध 206295 मतदाताओं में से 44787 नाम हटाए गए। भवानीपुर व्यापक रूप से बनर्जी का गढ़ माना जाता है। वहीं, नंदीग्राम में 278212 मतदाताओं में से 10599 नाम हटाए गए। नंदीग्राम 2011 में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता में लाने वाले भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन का केंद्र था और अब यह शुभेदु अधिकारी का गढ़ माना जाता है। आयोग ने कहा कि ये नाम मृत्यु, स्थानांतरण, पता नहीं चल पाने वाले पते और दोहराव प्रविष्टियों जैसी मानक श्रेणियों के तहत हटाए गए हैं।

सबसे अधिक नाम उत्तरी कोलकाता के चौरंगी से हटे

भवानीपुर पर राजनीतिक ध्यान केंद्रित होने के बावजूद, यह मतदाता सूची से सबसे अधिक नाम हटाए जाने वाला निर्वाचन क्षेत्र नहीं है। राज्य के 294 विधानसभा क्षेत्रों में से सबसे अधिक नाम उत्तरी कोलकाता के चौरंगी में हटाए गए, जहां का प्रतिनिधित्व तृणमूल विधायक नयना बंद्योपाध्याय कर रही हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में 74553 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। तीन बार की विधायक नयना ने 2021 में 44 हजार से अधिक वोट के अंतर से यह सीट जीती थी।

सीनियर मंत्री और महापौर फिरहाद हकीम के निर्वाचन क्षेत्र कोलकाता पोर्ट निर्वाचन क्षेत्र से 63730 नाम हटाए गए हैं। तीन बार के विधायक हकीम ने लगभग 70 हजार वोट के अंतर से यह सीट जीती थी, जिसने निर्वाचन क्षेत्र पर उनकी पकड़ मजबूत कर दी थी। मंत्री अरूप बिस्वास के निर्वाचन क्षेत्र टॉलीगंज में 35309 नाम हटाए गए हैं। जिला स्तरीय आंकड़े के अनुसार, दक्षिण 24 परगना में सबसे अधिक 816047 नाम हटाये गए हैं। यह जिला तृणमूल महासचिव अभिषेक बनर्जी का गढ़ माना जाता है, जिन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव में डायमंड हार्बर से 7 लाख से अधिक वोट के अंतर से जीत हासिल की थी।

इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।