बंगाल में पहले फेज में ममता बनर्जी का 100 सीटें जीतने का दावा, शाह बोले- BJP की 110 पर जीत तय
पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण के पहले ममता बनर्जी ने पहले फेज में 100 सीटें जीतने का दावा किया है। दूसरी तरफ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा पहले फेज में ही 110 से ज्यादा सीटें जीत चुकी है।

पश्चिम बंगाल में सियासी घमासान मचा हुआ है। दूसरे चरण के मतदान से पहले टीएमसी और भाजपा लगातार एक-दूसरे पर हमलावर बने हुए हैं। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी ने पहले फेज को लेकर दावा किया है इस चरण के मतदान में उनकी पार्टी 100 से ज्यादा सीटें जीत चुकी है। दूसरी तरफ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी इन 142 में से 110 सीटों पर अपना झंड़ा गाड़ चुकी है।
भवानीपुर में एक रैली के दौरान ममता बनर्जी ने टीएमसी की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा, " हम पहले चरण में ही 100 सीटों का आंकड़ा पार कर चुके हैं। बाकी 142 सीटों पर चुनाव अगले हफ्ते होगा। अगर आप सभी हमें वोट देंगे, तो हमें दो-तिहाई बहुमत मिलेगा।”
बनर्जी ने भाजपा पर हमला तेज करते हुए कहा, “आपने देखा होगा भाजपा पूरी तरह से पागल हो गई है। वह बहुत दबाव में हैं। आज उन्होंने कथित तौर पर आसमान में 50 हेलीकॉप्टर लगाए हैं। हमें तीन हेलीकॉप्टर का इंतजाम करना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने 19 मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों को बुलाया है। उन्होंने सीएपीएफ तैनात की है और सभी जांच एजेंसियों को लगा दिया है। वे भवानीपुर में मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे।” बता दें, भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी तीन बार चुनाव जीत चुकी हैं। इस बार भाजपा ने उनके सामने दिग्गज सुभेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है। अधिकारी ममता बनर्जी को नंदीग्राम में हरा चुके हैं।
अमित शाह का पहले चरण में 110 सीटें जीतने का दावा
ममता बनर्जी के 100 सीटों पर जीत के दावे के बीच भाजपा की तरफ से गृहमंत्री अमित शाह ने 110 सीटों पर जीत का दावा किया। उन्होंने मिदनापुर की एक रैली में कहा, "पहले चरण का मतदान हो चुका है। क्या आप जानना चाहते हैं कि नतीजा क्या होगा? पहले ही चरण में भाजपा 110 सीटें जीतेगी और (ममता) दीदी सत्ता से बेदखल हो जाएंगी। भाजपा यहां सरकार बनाएगी। सत्ता में आते के बाद महिलाओं के लिए भय मुक्त बंगाल का निर्माण करेगी।"
शाह ने हमला बोला कि ममता दीदी के राज में बंगाल में सबसे ज्यादा महिलाएं ही पीड़ित हैं। उन्होंने आरजी कर अस्पताल में एक जूनियर डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या, दक्षिण कोलकाता के एक लॉ कॉलेज की छात्रा से दुष्कर्म और संदेशखाली में महिलाओं पर कथित अत्याचार जैसे मामलों का जिक्र किया।
उन्होंने कहा, “एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद ममता राज्य में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहीं। दीदी ने सीएए कानून लागू नहीं होने दिया। आप कमल (बीजेपी का चुनाव चिन्ह) की सरकार बनाइए, और 5 मई के बाद बीजेपी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि मतुआ समुदाय के हर भाई-बहन को नागरिकता मिले।”




साइन इन