मैं गिरफ्तार होने को तैयार, धरना देने पर अड़ीं ममता बनर्जी; बीजेपी को दे दी चुनौती
अभिषेक बनर्जी पर हमले के विरोध में प्रदर्शन को लेकर अड़ीं ममता बनर्जी ने कहा कि वह गिरफ्तार होने के लिए भी तैयार हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें जहां भी रोका जाएगा वह वहीं धरने पर बैठ जाएंगी।

टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हमले के बाद धरने को लेकर अड़ीं पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह गिरफ्तारी के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा है कि बीजेपी पार्टी को तोड़ने में लगी हुई है। बता दें कि पुलिस ने उन्हें 2 जून को राशमोनी अवेन्यू पर धरने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसपर बीजेपी को चुनौती देते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि अगर सरकार चाहे तो उन्हें गिरफ्तार करवा ले।
जहां रोकोगे, वहीं बैठ जाऊंगी
ममता बनर्जी ने फेसबुक पर एक वीडियो में कहा, 2 जून को टीएमसी बिना किसी माइक या स्टेज के प्रदर्शन करेगी। अगर कोलकाता में प्रदर्शन नहीं करने दिया जाएगा तो यह प्रदर्शन दिल्ली में होगा। उन्होंने कहा कि जहां भी पुलिस उन्हें रोक देगी, वह वहीं धरने पर बैठ जाएंगी। बनर्जी ने कहा, मैं गिरफ्तार होने के लिए भी तैयार हूं।
ममता बनर्जी ने दावा किया कि कम से कम 10 हजार टीएमसी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा पुलिस भी बीजेपी के साथ मिलकर टीएमसी को तोड़ने में लगी हुई है। ममता बनर्जी ने कहा, अगह हमें यहां लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन नहीं करने दिया जाएगा तो मैं दिल्ली जाऊंगी। वहां इंडी गठबंधन की बैठक में भी शामिल होना है।
गड़बड़ियों की वजह से हुई हार- ममता
ममता बनर्जी ने कहा कि एसआईआर और अन्य तार्किक विसंगतियों की वजह से टीएमसी को जान-बूझकर हरवाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईवीएम मशीनों को हैक कर लिया गया था। उन्होंने कहा, जब मैं 13 हजार वोटों से आगे थी तो मुझे मतगणना केंद्र से जबरन बाहर कर दिया गया और इसके बाद ही आंकड़े बदलने लगे।
बनर्जी ने कहा कि टीएमसी को तोड़ने के लिए कुछ लोगों को पैसे दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के डर के मारे लोग अपनी बात नहीं रख पा रहे हैं और उन्हें ही पार्टी को तोड़ने के काम में लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पहले बीजेपी के नेता मेरे संपर्क में रहते थे और मुश्किल समय में मैं उनके साथ रहती थी। उन्होंने कहा, मैं पुलिस को पूरा दोष नहीं दे सकती क्योंकि मेरे कार्यकाल के दौरान ऐसा कभी नहीं हुआ । अभिषेक पर हमले से पहले उनकी और मेरी सुरक्षा हटा ली गई थी। जिन नेताओं पर खतरा मंडरा रहा है. उन सबकी सुरक्षा वापस ले ली गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोग और छोटे व्यापारी भय में जी रहे हैं, जबकि रेहड़ी-पटरी वालों को उपयुक्त पुनर्वास योजना के बिना हटाया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा उनकी पार्टी (तृणमूल कांग्रेस) के विधायकों को अपने पाले में करने के लिए ''धन-बल'' का इस्तेमाल कर रही है।




साइन इन