16 MLA और 7 सांसद तोड़ेंगे शिवसेना UBT? सात दिनों में हो सकती है बहुत बड़ी टूट
Shivsena UBT: महाराष्ट्र के एमएलसी कृपाल तुमाने ने बहुत बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) पार्टी के 7 सांसदों से चर्चाएं चल रही हैं। साथ ही उन्होंने संकेत दिए हैं कि जल्द ही पार्टी में टूट हो सकती है।

उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (यूबीटी) जल्द ही एक बार फिर बड़े विभाजन का सामना कर सकती है। खबरें हैं कि संसद के मॉनसून सत्र से पहले ही दल के सांसद बगावत कर सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। पार्टी के असंतुष्ट सांसदों की संख्या 7 बताई जा रही है। ये घटनाक्रम तृणमूल कांग्रेस में जारी टूट के बीच हो रहे हैं।
14 विधायक भी छोड़ेंगे साथ?
मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि 14 से 16 विधायक पार्टी से अलग हो सकते हैं। साथ ही कहा है कि यह टूट आने वाले 6 से 7 दिनों के अंदर हो सकती है। खास बात है कि अगर ऐसा होता है, तो उद्धव गुट में यह दूसरा सबसे बड़ा विभाजन होगा।
इधर, शिवसेना के MLC कृपाल तुमाने ने बड़ी टूट के संकेत दिए हैं। उन्होंने इसे एक 'ऑपरेशन' करार दिया है। साथ ही कहा है कि इसे लेकर काफी दिनों से बैठकों का दौर चल रहा है था। उन्होंने जानकारी दी है कि अब चर्चाओं का दौर कुछ ही समय में पूरा होने वाला है। उनका दावा है कि 7 सांसदों ने पाला बदलने का मन बना लिया है।
कब होगी टूट
तुमाने ने कहा, 'ऐसा है कि ऑपरेशन टाइगर के मामले में जो 7 सांसदों के साथ हमारी चर्चा अंतिम चरण में आ चुकी है। जब हम ऑपरेशन करने किसी अस्पताल में जाते हैं, तो पहले जांच की जाती है। जांच हो चुकी है, रिपोर्ट्स आ चुकी है और बस अब ऑपरेशन का दिन तय होना है।' उन्होंने कहा, 'मॉनसून सत्र के पहले ही हो जाएगा।'
उन्होंने विलय की अटकलों को लेकर स्थिति साफ नहीं की। शिवसेना नेता ने कहा, 'हमारी सारी बातें हैं। आपको बताना अभी ठीक नहीं है। ये हमारे साथ आएंगे, ये बात पक्की है। आ गए हैं लगभग।'
क्यों टूट रही है पार्टी
एएनआई से बातचीत में जब पूछा गया कि शिवसेना यूबीटी क्यों टूट रही है। इसपर तुमा ने कहा, 'पता नहीं उनकी पार्टी में क्या है। वो तो वही लोग जानते हैं। लेकिन शिंदे साहब की जो कार्यशैली है। जिस तरह से वह सभी सामान्य जनता को न्याय देने का काम करते हैं। ...उनका काम करने का तरीका इन लोगों को पसंद आया है। इसलिए वह चाहते हैं कि उनके मतदाताओं का विकास भी हो। इसलिए वो हमारे साथ आ रहे हैं।'
उद्धव ठाकरे के वापसी के दावे पर उन्होंने कहा, 'यह उनकी सोच है। उनकी सोच के बारे में हमारा बोलना उचित नहीं है। लेकिन सभी 7 सांसदों को कुछ न कुछ तकलीफ होगी। इसलिए वो हमारे साथ आना चाहते हैं।'
कब से चल रही थीं चर्चाएं
उन्होंने कहा, 'हमारी चर्चाएं एक महीने से चल रही थीं। अब वह अंतिम चरण में। जैसे ही डॉक्टर समय देंगे, वह ऑपरेशन करेंगे।' उन्होंने कहा, 'शिवसेना मजबूत है और आगे और मजबूत होगी।'
संजय राउत का इनकार
शिवसेना यूबीटी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने ऐसी अटकलों से इनकार किया है। तुमाने के बयान पर उन्होंने कहा, 'वह हैं कौन। महाराष्ट्र की राजनीति में ऐसा कोई व्यक्ति नहीं है। आज शिंदे गुट में कुछ लोग हैं और कुछ भी कहते हैं। पार्टी को कौन तोड़ेगा। बीते 12 सालों में भाजपा ने राजनीतिक दलों को सिर्फ तोड़ने का काम किया है। उन्होंने टीएमसी तोड़ दी। इससे पहले उन्होंने ऐसा एनसीपी और शिवसेना के साथ किया।'




साइन इन