केरल में वेणुगोपाल की टक्कर में तीन नाम, एक के लिए प्रदर्शन; अब दिल्ली दरबार में फैसला
मुकुल वासनिक और अजय माकन ने दिल्ली निकलने से पहले वीडी सतीशन, रमेश चेन्निथला, के सुधाकरण और वीएम सुधीरन से भी मुलाकात की। अब दोनों नेता दिल्ली आने के बाद हाईकमान को शुक्रवार को रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके बाद शनिवार या रविवार तक मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला होने की उम्मीद है।

केरल विधानसभा चुनाव में 63 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी कांग्रेस अब भी सीएम को लेकर मंथन के दौर में है। गुरुवार को तिरुअनंतपुरम में विधायक दल की मीटिंग हुई थी। इसके अलावा दिल्ली से गए महासचिव मुकुल वासनिक और कोषाध्यक्ष अजय माकन ने विधायकों से व्यक्तिगत मुलाकात भी की। इस दौरान विधायकों ने अपनी पसंद बताई और कुछ नेताओं के नाम सामने भी आए हैं, लेकिन आखिरी फैसला दिल्ली दरबार में ही होना है। अब मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाने का फैसला हाईकमान पर ही छोड़ दिया गया है। अब इस संबंध में एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करके दिल्ली भेजी जाएगी और फिर मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी एवं सोनिया गांधी के मंथन से कोई एक नाम निकल सकता है।
केरल में विधायक दल की मीटिंग से इतर भी बैठकों का दौर जारी रहा। एक तरफ अजय माकन और मुकुल वासनिक ने निजी तौर पर भी विधायकों से मुलाकात की तो वहीं दूसरी तरफ सीएम की रेस में सबसे आगे माने जा रहे वीडी सतीशन भी विधायकों से मिलने पहुंचे। उन्होंने पार्टी कार्यालय में ही विधायकों के साथ बैठक की। मुकुल वासनिक ने विधायक दल की मीटिंग के बारे में बताया कि यह अच्छी रही और केरल कांग्रेस के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने प्रस्ताव पेश किया कि सीएम का नाम हाईकमान तय करेगा। उनके इस प्रस्ताव का सतीशन ने अनुमोदन किया।
मुकुल वासनिक और अजय माकन ने दिल्ली निकलने से पहले वीडी सतीशन, रमेश चेन्निथला, के सुधाकरण और वीएम सुधीरन से भी मुलाकात की। अब दोनों नेता दिल्ली आने के बाद हाईकमान को शुक्रवार को रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके बाद शनिवार या रविवार तक मुख्यमंत्री के नाम पर कोई फैसला हो सकता है। यही नहीं प्रदेश कांग्रेस के नेता अब दिल्ली दरबार भी पहुंच सकते हैं ताकि कुछ दबाव बनाया जा सके या लॉबिंग हो सके। कहा जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ, सतीशन, चेन्निथला और सांसद शनिवार को दिल्ली में रहेंगे। इस दौरान नाम तय करने में वे मदद कर सकते हैं। मीटिंग के बाद शनिवार की शाम को ही या फिर रविवार को मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो सकता है।
सतीशन का नाम सबसे आगे, केरल में कुछ जगहों पर प्रदर्शन भी हुए
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि वीडी सतीशन को सीएम की रेस में सबसे आगे माना जा रहा है, लेकिन केसी वेणुगोपाल भी बेहद मजबूत हैं। इसके अलावा वह टीम राहुल के सबसे खास सदस्य हैं। ऐसे में उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत है। वहीं चेन्निथला का नाम भी रेस में है। इस बीच खबरें है कि वीडी सतीशन के समर्थन में केरल में कुछ जगहों पर प्रदर्शन भी हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ भी रेस में माने जा रहे हैं। वहीं कांग्रेस नेतृत्व की ओर से सीएम का नाम तय करने से पहले इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग की सलाह भी ली जा सकती है।




साइन इन