भाजपा नेताओं से मेरे विचार नहीं मिलते, BJP से अलग होकर नई पार्टी बनाएंगे अन्नामलाई
तमिलनाडु BJP के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी से इस्तीफा देकर नए राजनीतिक आंदोलन का ऐलान किया है। जानिए रजनीकांत और बीजेपी को लेकर क्या बड़े खुलासे किए।

तमिलनाडु की राजनीति में आज एक बड़ा भूचाल आ गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ने के बाद राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने अपनी खुद की नई पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया है। चेन्नई में आयोजित एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने अपने इस्तीफे की वजहों पर खुलकर बात की और राज्य में एक नया राजनीतिक आंदोलन शुरू करने का बड़ा ऐलान किया है। अन्नामलाई ने साफ कर दिया है कि भाजपा नेताओं से उनके विचार मेल नहीं खाते और अब उनकी नई पार्टी राज्य का अगला विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
'भाजपा नेता या तमिलियन' का अंतर्द्वंद्व
अन्नामलाई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी सबसे बड़ी वैचारिक उलझन को साझा किया। उन्होंने कहा, "मेरे भीतर यह एक बहुत बड़ा द्वंद्व चल रहा था कि मैं एक भाजपा का व्यक्ति हूं या एक तमिलियन।" उन्होंने खुलासा किया कि वह पिछले साल ही पार्टी छोड़ने का मन बना चुके थे। अन्नामलाई ने बताया, "मैंने 4 दिसंबर 2025 को ही पार्टी को बता दिया था कि मैं इस्तीफा देने जा रहा हूं। लेकिन पार्टी ने मुझसे चुनाव खत्म होने तक रुकने के लिए कहा था।"
'शीर्ष नेतृत्व पर बोझ नहीं बनना चाहता था'
2 जून को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को लिखे अपने इस्तीफे के पत्र में अन्नामलाई ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी थी। उन्होंने अपने पत्र में लिखा, "तमिलनाडु में विकासोन्मुखी और सांस्कृतिक रूप से मजबूत राजनीति को आगे ले जाने को लेकर मेरे जो विचार हैं, उन्हें लेकर मैं शीर्ष नेतृत्व पर अब और बोझ नहीं डालना चाहता।" प्रेस वार्ता में भी उन्होंने दोहराया कि वह पार्टी पर बोझ नहीं बनना चाहते थे, इसलिए अलग होने का फैसला किया।
नए राजनीतिक आंदोलन का आगाज और अगला चुनाव
भाजपा से अपनी राहें पूरी तरह अलग करने के बाद अन्नामलाई ने अपने भविष्य के राजनीतिक ब्लूप्रिंट का भी खुलासा किया। उन्होंने कहा, "आज, हम एक आंदोलन शुरू करने जा रहे हैं। हमारी राजनीतिक पार्टी तमिलनाडु में अगला विधानसभा चुनाव लड़ेगी।" अन्नामलाई ने स्पष्ट किया कि राज्य में अब एक नई और स्वतंत्र राजनीतिक सोच की जरूरत है, जो पुरानी गठबंधन राजनीति से अलग हो।
रजनीकांत का ऑफर भी ठुकराया
अपनी खुद की राजनीतिक जमीन तैयार करने को लेकर अन्नामलाई कितने प्रतिबद्ध हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने सुपरस्टार रजनीकांत का राजनीतिक प्रस्ताव भी ठुकरा दिया है। अन्नामलाई ने बताया, "रजनीकांत जी ने मुझसे उनके साथ जुड़ने का अनुरोध किया था, लेकिन मैंने विनम्रतापूर्वक उसे अस्वीकार करते हुए अपना खुद का राजनीतिक आंदोलन शुरू करने का फैसला किया है।"




साइन इन