फर्जी दुल्हन, पुजारी और बाकी लोग, मिलकर करते थे लाखों की ठगी; शादी गिरोह का भंडाभोड़
जांच में पता चला कि यह गिरोह शादी ब्यूरो के नाम पर धोखाधड़ी का नेटवर्क चला रहा था। ये लोग दुल्हन, पुजारी और अन्य औपचारिकताओं की व्यवस्था करते थे। शादी के तुरंत बाद दुल्हन किसी न किसी बहाने से शिकायतकर्ता को छोड़ देती थी।

जम्मू पुलिस ने अखनूर में शादी को लेकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है और 5 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इसमें एक महिला शामिल है जो दुल्हन के रूप में पेश होती थी। ये लोग शादी का फर्जी इंतजाम करके पीड़ितों को ठगा करते थे और उनसे बड़ी रकम भी वसूलते थे। जांच की शुरुआत 11 अगस्त को अखनूर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक शिकायत के बाद हुई। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4)/82(2)/61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। चौकी चौरा के प्रभारी पुलिस अधिकारी विनय कोटवाल ने अखनूर के स्टेशन हाउस ऑफिसर और एसडीपीओ अखनूर की निगरानी में जांच की।
शिकायत में बताया गया कि दीपक कुमार धाना छपरी, चौकी चौरा का रहने वाला है और बलदेव राज का बेटा है। इसने राशपाल चंद (चतरु राम का बेटा, डोरी डागर, चौकी चौरा) से संपर्क किया। उसने केंद्र शासित प्रदेश के बाहर से शादी का प्रस्ताव दिया और 3 लाख रुपये मांगे। शादी के बाद दुल्हन और उसके साथी दो दिन में ही भाग गए। इस तरह उन्होंने राशपाल चंद को ठगने का काम किया।
शादी ब्यूरो के नाम पर धोखाधड़ी
जांच में पता चला कि यह गिरोह शादी ब्यूरो के नाम पर धोखाधड़ी का नेटवर्क चला रहा था। ये लोग दुल्हन, पुजारी और अन्य औपचारिकताओं की व्यवस्था करते थे। शादी के तुरंत बाद दुल्हन किसी न किसी बहाने से शिकायतकर्ता को छोड़ देती थी। सामाजिक कलंक के कारण कई पीड़ित ऐसी घटनाओं की शिकायत करने से बचते थे। हालांकि, इस मामले में समय पर शिकायत के कारण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
कुछ और पीड़ित आए सामने
रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और जांच जारी है। पुलिस ने आगे की गिरफ्तारियों से इनकार नहीं किया है। पुलिस ने बताया कि चार अन्य लोग इसी मामले सामने आए हैं, जिनमें दो अखनूर और दो नगरोटा के रहने वाले हैं। इसे लेकर भी जहां जांच चल रही है। पूरी जांच जम्मू के एसपी ग्रामीण और एसएसपी जम्मू की निगरानी की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन