Himanta files nomination family says very happy over public support हिमंत बिस्वा सरमा ने दाखिल किया नामांकन, कहां से भरा परचा; क्या बोले, India News in Hindi - Hindustan
More

हिमंत बिस्वा सरमा ने दाखिल किया नामांकन, कहां से भरा परचा; क्या बोले

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी के तौर पर शुक्रवार को जलुकबाड़ी विधानसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल किया। 2001 से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे सरमा ने लगातार छठी बार यहां से नामांकन दाखिल किया है।

Fri, 20 March 2026 06:27 PMDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, गुवाहाटी
share
हिमंत बिस्वा सरमा ने दाखिल किया नामांकन, कहां से भरा परचा; क्या बोले

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी के तौर पर शुक्रवार को जलुकबाड़ी विधानसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल किया। 2001 से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे सरमा ने लगातार छठी बार यहां से नामांकन दाखिल किया है। नामांकन के दौरान सरमा के साथ उनकी पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा, बेटा नंदिल विश्व शर्मा और गुवाहाटी से भाजपा की सांसद बिजुली कालिता मेधी मौजूद थीं।

मां का लिया आशीर्वाद
नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले मुख्यमंत्री ने एक वाहन पर सवार होकर खानापारा क्षेत्र के वेटरिनरी फील्ड से लगभग 5.6 किलोमीटर दूर कामरूप (महानगर) जिला निर्वाचन कार्यालय तक रैली निकाली जहां उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने से पहले मुख्यमंत्री ने अपनी मां मृणालिनी देवी का आशीर्वाद लिया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि शुभ काम की शुरुआत हमेशा मां के आशीर्वाद से होनी चाहिए। इन दिनों मैं उनके साथ अधिक समय नहीं बिता पाता, लेकिन उनका आशीर्वाद मुझे ‘आई असोमी’ (मां असम) की सेवा जारी रखने की शक्ति देता है।

उम्मीदवारों के समर्थन की अपील
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद सरमा ने लोगों से उनका और भाजपा व उसके दो सहयोगी दलों असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के सभी उम्मीदवारों का समर्थन करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिसीमन के दौरान उनके निर्वाचन क्षेत्र में कुछ नए इलाके जोड़े गए हैं। उन्होंने कहाकि इन इलाकों के लोगों से जुड़ने में थोड़ा समय लगेगा, लेकिन मुझे भरोसा है कि वे मुझे आशीर्वाद और समर्थन देंगे।

प्रचार में नहीं दे पाएंगे समय
सरमा ने कहाकि वह अपने क्षेत्र में प्रचार के लिए ज्यादा समय नहीं दे पाएंगे, क्योंकि उन्हें अन्य सीटों पर भी प्रचार के लिए जाना होगा। उन्होंने कहाकि मेरे क्षेत्र में प्रचार की जिम्मेदारी पार्टी कार्यकर्ता संभालेंगे... मैं भी कोशिश करूंगा कि प्रचार के लिए जाऊं और रिनिकी (उनकी पत्नी) भी कुछ जगहों पर जाएंगी। उन्होंने बताया कि वह रोजाना पांच से छह सभाओं को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय नेताओं के प्रचार को लेकर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा तीन सभाओं को संबोधित किए जाने की संभावना है, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छह से आठ सभाएं करेंगे। उन्होंने बताया कि योजना को अंतिम रूप देने के लिए आज शाम एक बैठक भी होगी।

2001 से प्रतिनिधित्व
सरमा गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले जलुकबाड़ी का 2001 से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और आगामी चुनाव में वह लगातार छठी बार इस सीट को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे। उन्होंने पहली बार 1996 में इस सीट से चुनाव लड़ा था जिसमें वह असम गण परिषद (एजीपी) के नेता भृगु कुमार फुकन से 17,000 मतों से हार गए थे लेकिन 2001 में उन्होंने 10,000 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर उनसे यह सीट छीन ली थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:न-न करते हो गया गठबंधन, कौन हैं असम के 2 गोगोई; जो फिर हुए एक, BJP के लिए खतरा?
ये भी पढ़ें:असम में BJP की साथी AGP ने 26 उम्मीदवारों के नाम किए घोषित, 13 मुस्लिम कैंडिडेट
ये भी पढ़ें:भाजपा ने असम में घोषित किए 88 उम्मीदवार, किस सीट से उतरे सीएम हिमंत बिस्वा सरमा

नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च है। नामांकन पत्रों की जांच अगले दिन की जाएगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च निर्धारित है। असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को की जाएगी।