जल्द दिखेगा सफेद धुआं; केरल का CM कौन वाले सवाल पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का जवाब
CM of Keralam: केरल का मुख्यमंत्री कौन होगा, इसको लेकर कांग्रेस में गहन चर्चा का दौर जारी है। इसी बीच केरल कांग्रेस अध्यक्ष सन्नी जोसेफ का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर जल्दी ही सफेद धुआं देखने को मिलेगा।

केरल विधानसभा चुनाव में जीत के बाद भी कांग्रेस नीत गठबंधन यूडीएफ की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। नतीजे आए 9 दिन बीतने के बाद भी मुख्यमंत्री पद पर कौन बैठेगा इसका फैसला नहीं हो पाया है। अब इस मुद्दे को लेकर केरल कांग्रेस के अध्यक्ष सन्नी जोसेफ का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि केरल के अगले मुख्यमंत्री को लेकर जल्दी ही 'सफेद धुआं' देखने को मिलेगा। दरअसल, सफेद धुआं वेटिकल की उस परंपरा से प्रेरित है, जिसमें नए पोप का चयन होने पर सफेद धुएं के जरिए इसकी घोषणा की जाती है।
केरल में मुख्यमंत्री पद के चयन के लिए हो रही देरी को लेकर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी राय साझा की। उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि इस देरी की वजह से कांग्रेस और यूडीएफ कार्यकर्ताओं का उत्साह कम हुआ है, लेकिन उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कांग्रेस नेताओं के बीच में इस मुद्दे को लेकर गहन चर्चा चल रही है। आलाकमान जल्द ही इस पर अंतिम मुहर लगा सकता है।
बता दें, कांग्रेस नेता भले ही पार्टी के भीतर और गठबंधन में सब कुछ ठीक होने की बात कह रहे हों, लेकिन यूडीएफ साथियों के भीतर भी अब बेचैनी बढ़ती जा रही है। गठबंधन सहयोगी जैसे मुस्लिम लीग ने भी इस पर नाराजगी जताई है। उनकी तरफ से कहा गया है कि नतीजे आ जाने के बाद भी मुख्यमंत्री को लेकर फैसला न हो पाने से कामकाज में बाधा आती है। गठबंधन सहयोगियों के अलावा वामपंथी पार्टियों ने भी कांग्रेस के ऊपर निशाना साधा है। पार्टियों की तरफ से कहा गया कि नतीजों के आने के बाद भी मुख्यमंत्री का चयन न कर पाना जनादेश का अपमान है।
बता दें, कांग्रेस में मुख्य रूप से मामला तीन नेताओं के बीच में फंसा हुआ है। के.सी. वेणुगोपाल, वी.डी. सतीशन और रमेश चेन्निथला। पार्टी इन नेताओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है ताकि सरकार गठन के बाद कोई आंतरिक गुटबाजी न हो। इसी के चलते यह मामला फंसा हुआ है। कांग्रेस इन सीएम कौन? वाले सवाल को लेकर कई राज्यों में परेशानी का सामना कर चुकी है। इसी वजह से वह यहां पर कोई खतरा नहीं लेना चाहती।




साइन इन