कॉकरोच जनता पार्टी ने अभी तक क्यों नहीं ली 6 जून के प्रदर्शन की इजाजत? प्रवक्ता ने बताया पूरा प्लान
कॉकरोच जनता पार्टी लगातार 6 जून को जंतर मंतर पर होने वाले प्रदर्शन पर जोर दे रही है। लेकिन अभी तक पार्टी ने प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस के इजाजत नहीं ली है। इस फैसले को लेकर पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि अभिजीत दिपके 6 जून को सुबह परमीशन लेंगे।

Cockroach Janta Party: भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत के एक तंज से सोशल मीडिया पर पैदा हुई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 6 जून को राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी की तरफ से बताया गया है कि इस प्रदर्शन का उद्देश्य शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देने के लिए मजबूर करना है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह है कि 6 जून को होने वाले इस प्रदर्शन के लिए पार्टी ने अभी तक पुलिस की अनुमति नहीं ली है। आम तौर पर ऐसे किसी भी प्रदर्शन के लिए करीब एक हफ्ता पहले पुलिस की इजाजत लेनी पड़ती है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 6 जून के प्रदर्शन का ऐलान काफी पहले कर दिया था, लेकिन इसके बाद भी परमीशन नहीं ली गई। सीजेपी का कहना है कि वह 6 जून को ही प्रदर्शन की परमीशन लेगी।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इस मुद्दे पर जब पार्टी के नव नियुक्त प्रवक्ता विजेता दहिया ने प्रदर्शन की अनुमति न लेने को भी रणनीति का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा, "लोगों की भावनाएं इस विरोध प्रदर्शन से जुड़ी हुई हैं। फिलहाल सभी लोग अभिजीत दिपके से जुड़े हुए हैं। इसलिए हमने फैसला लिया है प्रदर्शन के लिए किसी भी तरह की परमीशन अभिजीत ही 6 जून को आकर मांगेंगे।" इसके साथ ही विजेता ने भरोसा जताया कि प्रशासन उन्हें शांति पूर्ण प्रदर्शन की इजाजत दे देगा।
क्या है पूरा प्लान
भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत के तंज से सोशल मीडिया पर शुरू हुई इस व्यंग्य पार्टी के अभी तक 22 मिलियन फॉलोअर्स हो चुके हैं। ऐसे में इसके संस्थापक अभिजीत दिपके ने 6 जून को दिल्ली में प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। दिपके ने अपने सोशल मीडिया साइट पर बताया था कि वह शनिवार को अमेरिका से वापस आएंगे और उसके तुरंत बाद ही परमीशन लेने के लिए जाएंगे। उन्होंने अपने समर्थकों को एयरपोर्ट पर मिलने के लिए कहा है।
पार्टी के बयान के मुताबिक, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके शनिवार सुबह करीब 8 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। यहां पर सोनम वांगचुक समेत कई समर्थक उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद इन समर्थकों के साथ दिपके जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन की इजाजत लेने के लिए संसद स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाएंगेय़ इसके बाद जंतर-मंतर पर पहुंचकर प्रदर्शन होगा।
बता दें, इससे पहले पार्टी ने अपने हालिया लक्ष्य को लेकर जमकर बयानबाजी की है। पार्टी की तरफ से कहा गया है कि उनका लक्ष्य नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जवाबदेही तय करके उनका इस्तीफा दिलवाना है। पार्टी इसके लिए जंतर-मंतर पर 6 जून 2026 को शांति पूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करेगी।
सोशल मीडिया पर बंटे लोग
सोशल मीडिया साइट पर कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर व्यापक चर्चा हो रही है। सरकार के पक्ष में शामिल लोग इस बात पर लगातार जोर दे रहे हैं कि प्रदर्शन की इजाजत न लेकर कॉकरोच जनता पार्टी विवाद बढ़ाने की कोशिश कर रही है। क्योंकि जैसे ही बिना इजाजत के प्रदर्शन किया जाएगा, दिल्ली पुलिस इनको हटाने के लिए पहुंचेगी और फिर विवाद बढ़ जाएगा। इसके बाद सोशल मीडिया पर बवाल किया जाएगा कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें शांति पूर्ण प्रदर्शन कि इजाजत भी नहीं दी।
दूसरी तरफ, कॉकरोच जनता पार्टी की तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ही कहा जा रहा था कि लोकतांत्रिक देश में शांति पूर्ण प्रदर्शन के लिए किसी भी परमीशन की जरूरत नहीं है। पार्टी प्रवक्ताओं की तरफ से कहा गया कि आखिर लोकतंत्र में प्रदर्शन के लिए इजाजत क्यों चाहिए। पार्टी शांति पूर्ण प्रदर्शन करना चाहती है।




साइन इन