Bangladesh is preparing to improve relations with India visa cricket news तल्खी खत्म, रिश्ते सुधारने की बारी; बांग्लादेश की वीजा से क्रिकेट तक बड़ी तैयारी, India News in Hindi - Hindustan
More

तल्खी खत्म, रिश्ते सुधारने की बारी; बांग्लादेश की वीजा से क्रिकेट तक बड़ी तैयारी

बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम के पूर्व फुटबॉलर और खेल मंत्री अमीनुल हक ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और भारत के साथ संबंधों को सुधारने की मंशा जाहिर की है। हक ने कहा कि वह आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 से बांग्लादेश की अनुपस्थिति के संदर्भ में इस मुद्दे को शीघ्रता से हल करना चाहते हैं।

Fri, 20 Feb 2026 09:19 AMNisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share
तल्खी खत्म, रिश्ते सुधारने की बारी; बांग्लादेश की वीजा से क्रिकेट तक बड़ी तैयारी

आम चुनाव के बाद अब बांग्लादेश और भारत के रिश्ते बेहतर होते नजर आ रहे हैं। इसके ताजा संकेत वीजा सेवाएं बहाल होने के ऐलान से मिल रहे हैं। इससे पहले पड़ोसी मुल्क के नए खेल मंत्री ने भारत के साथ क्रिकेट रिश्ते बेहतर करने की बात कही थी। खास बात है कि अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना सरकार गिरने के बाद मुल्क की कमान मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस की अगुवाई वाली अंतरिम सरकार के हाथों में आ गई थी। उस दौरान दोनों मुल्कों के रिश्ते तनावपूर्ण रहे।

वीजा सेवाएं बहाल करने की तैयारी

बांग्लादेश में भारत के वरिष्ठ वाणिज्य दूत अधिकारी अनिरुद्ध दास ने कहा है कि जल्द ही दिल्ली बांग्लादेश में सभी वीजा सेवाओं को पूरी तरह से बहाल करेगा। सिलेहट जिला प्रेस क्लब में बातचीत के दौरान अनिरुद्ध दास ने बताया कि फिलहाल भारत बांग्लादेश के लिए मेडिकल और डबल-एंट्री वीजा जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ट्रैवल वीजा सहित अन्य वीजा कैटेगरी को फिर से शुरू करने की प्रक्रिया भी जारी है।

दास ने यह भी साफ किया कि भारत-बांग्लादेश संबंध आपसी सम्मान और गरिमा पर आधारित हैं, जो दोनों देशों के बीच गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्ते को दर्शाते हैं।

खेल रिश्ते सुधारने की कवायद

बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम के पूर्व फुटबॉलर और खेल मंत्री अमीनुल हक ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और भारत के साथ संबंधों को सुधारने की मंशा जाहिर की है। अमीनुल हक ने कहा कि वह आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 से बांग्लादेश की अनुपस्थिति के संदर्भ में इस मुद्दे को शीघ्रता से हल करना चाहते हैं।

उन्होंने बताया कि भारत के उप उच्चायुक्त से मुलाकात की और उनके साथ टी20 विश्व कप पर चर्चा की। उन्होंने बातचीत को सौहार्दपूर्ण बताया और बांग्लादेश की ओर से इस मामले को बातचीत के माध्यम से शीघ्र सुलझाने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने पड़ोसी देशों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।

मैच नहीं खेल पाने का जिक्र

हक ने कहा कि बांग्लादेश का लक्ष्य खेल समेत सभी क्षेत्रों में भारत के साथ ईमानदार और सौहार्दपूर्ण संबंध बनाना है। उन्होंने कहा कि खेल से लेकर अन्य सभी क्षेत्रों में हम भारत के साथ एक ईमानदार और सौहार्दपूर्ण संबंध बनाना चाहते हैं। आप जानते हैं कि कूटनीतिक जटिलताओं के कारण हम विश्व कप में नहीं खेल सके।

शपथ ग्रहण में भारत को भी दिया था न्योता

बांग्लादेश ने शपथग्रहण समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत 13 देशों के राष्ट्राध्यक्षों को न्यौता दिया था। हालांकि, कार्यक्रम में भारत की ओर से लोकसभा स्पीकर ओम बिरला पहुंचे थे। पहले यह अटकलें थी कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने जा रहे हैं। लेकिन शपथ ग्रहण का कार्यक्रम ऐसे मौके पर हो रहा है जब भारत एआई इम्पैक्ट समिट की मेजबानी कर रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बांग्लादेश के लिए क्या है तारिक रहमान का मास्टरप्लान, हिंदुओं के लिए क्या खास?
ये भी पढ़ें:बांग्लादेश में नई सरकार बनते ही ये मुस्लिम देश हुआ एक्टिव, भारत के लिए टेंशन
ये भी पढ़ें:हिंदू पुलिस अधिकारी की हत्या का आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार, बांग्लादेश भेजा गया

फोन कर दी शुभकामनाएं

तारिक रहमान की अगुवाई वाली BNP यानी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने 12 फरवरी को हुए चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान को फोन कर शुभकामनाएं दी थी।

इससे पहले रहमान के सलाहकार हुमायूं कबीर ने भारत के साथ संबंधों को नए सिरे से स्थापित करने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा था कि दोनों देशों को पारस्परिक लाभ के लिए मिलकर काम करना चाहिए।