Axis My India वाले प्रदीप गुप्ता ने चुनाव नतीजों से ऐन पहले बताया- ममता बनर्जी के लिए क्या दो बड़े झटके?
West Bengal Election Result 2026: प्रदीप गुप्ता ने इस बीच ममता बनर्जी और TMC के लिए एक अच्छी बात ये बताई कि लोग ममता सरकार के कामकाज से ओवरऑल खुुश हैं और उनके वादों पर यकीन कर रहे हैं लेकिन युवा आबादी टेंशन दे सकती है।

Axis My India West Bengal Election Result 2026: पश्चिम बंगाल समेत चार राज्यों (पश्चिम बंगाल, असम, केरल और तमिलनाडु) और एक केंद्र शासित प्रदेश (पुडुचेरी) में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों का आज (सोमवार, 4 मई को) ऐलान होना है। इससे पहले 29 अप्रैल को बंगाल में दूसरे और आखिरी चरण का चुनाव हुआ था, तब कई एजेंसियों ने एग्जिट पोल सर्वे जारी किए थे। अधिकांश सर्वे में बंगाल में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया था लेकिन Axis My India ने बंगाल पर अपना Exit Poll सर्वे के आंकड़े जारी नहीं किए।
Axis My India के प्रबंध निदेशक प्रदीप गुप्ता ने पहले कहा था कि बंगाल में सर्वे का उनका सैम्पल साइज छोटा है और उसे बड़ा कर 30 अप्रैल को एग्जिट पोल के आंकड़े जारी करेंगे लेकिन बाद में उन्होंने हाथ खड़े कर दिए और दो टूक कहा कि उनकी कंपनी इस बार पश्चिम बंगाल के लिए एग्जिट पोल के आंकड़े जारी नहीं करेगी। इसके पीछे उन्होंने तर्क दिया था कि बंगाल के लोगों ने उनके सैम्पल सर्वे के दौरान मुंह नहीं खोला और करीब 70 से 80 फीसदी लोगों ने Axis My India के फेस-टू-फेस सर्वे से कन्नी काट ली। इसलिए उनके पास पर्याप्त सैम्पल साइज नहीं है, जिसके आधार पर आंकड़े जारी किए जा सकें।
युवा चाह रहे बदलाव?
हालांकि, इस पर भी कई लोगों ने टिप्पणी की कि प्रदीप गुप्ता डर गए और भाजपा के खिलाफ कुछ नहीं बोल पाए। अब एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने वोटों की गिनती शुरू होने से ऐन पहले बताया है कि राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए इस चुनाव में क्या दो बड़े झटके रहे हैं। बरखा दत्त को दिए इंटरव्यू में प्रदीप गुप्ता ने बताया कि युवा मतदाता उन्हें झटका दे सकते हैं। गुप्ता ने ये भी बताया कि ये 40 साल से ऊपर के मतदाताओं का रुझान ममता बनर्जी की तरफ रहा लेकिन जो 40 साल से नीचे के लोग हैं, वे सत्ता में बदलाव देखने को आतुर दिखे।
भाजपा की सीटें बढ़ेंगे लेकिन कितनी?
गुप्ता ने ये भी बताया कि इस डेमोग्रेफी में भी सभी लोग ऐसा नहीं चाहते लेकिन 50 फीसदी से ज्यादा का मार्जिन इसी तरह की सोच दिखाता है। उन्होंने कहा कि ममता सरकार से डिलीवरी के मोर्चे पर भी लोगों में नाराजगी देखने को मिली है लेकिन इसका आंकड़ा थोड़ा कम है क्योंकि 15 साल की एंटी इनकमबेंसी है, और इस दौरान जितनी एंटी इनकम्बेंसी होनी चाहिए, उस लिहाज से वह आंकड़ा मैनेजेबल है। प्रदीप गुप्ता ने इस बीच ममता के लिए एक अच्छी बात ये बताई कि लोग ममता सरकार के कामकाज से ओवरऑल खुुश हैं और उनके वादों पर यकीन कर रहे हैं। इसी के साथ उन्होंने कहा कि भाजपा इस चुनाव में 2021 के मुकाबले बेहतर करेगी लेकिन वह 77 से कितना आगे बढ़ेगी ये कहना मुश्किल है।




साइन इन