Axis My India इकलौती एजेंसी, जिसका Exit Poll हुआ एकदम सही; पहले ही बताया था 'अभिनेता होंगे नेता'
Axis My India Tamil Nadu Exit Poll : Axis My India के एग्जिट पोल अनुमानों में कहा गया था कि TVK को 98 से 120 सीटें मिल सकती हैं, जो बहुमत के करीब है। यह इकलौती ऐसी एजेंसी है, जिसने तमिलनाडु में इतने बड़े उलटफेर का अनुमान लगाया था।

अनुमानAxis My India Tamil Nadu Exit Poll : तमिलनाडु में हुए विधानसभा चुनाव की जारी मतगणना के बीच शुरुआती रुझानों में अभिनेता से नेता बने थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरती दिख रही है। सुबह 11 बजे तक के ताजा रुझानों में 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु विधानसभा में TVK को 107 सीटें मिलती दिख रही हैं, जबकि सत्तारूढ़ डीएमके और उसके गठबंधन को 47 सीटें मिलती दिख रही हैं। डीएमके गठबंधन ताजा रुझानों में तीसरे नंबर पर सरकता दिख रहा है, जबकि मुख्य विपक्षी पार्टी AIADMK की अगुवाई वाला गठबंधन फिर से मुख्य विपक्षी गठबंधन के रूप में उभरता दिख रहा है। ताजा रुझानों में AIADMK के गठबंधन को 78 सीटें मिलती दिख रही हैं। यानी किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत मिलता नहीं दिख रहा।
हालांकि, इन सबके बीच एक एग्जिट पोल की चर्चा तेज होने लगी है, जिसने पांच दिन पहले ही अनुमान लगाया था कि TVK राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है। Axis My India के एग्जिट पोल अनुमानों में कहा गया था कि TVK को 98 से 120 सीटें मिल सकती हैं, जो बहुमत के करीब है। यह इकलौती ऐसी एजेंसी है, जिसने तमिलनाडु में इतने बड़े उलटफेर की संभावना का अनुमान लगाया था। एजेंसी ने अपने एग्जिट पोल अनुमानों में कहा था कि TVK और डीएमके दोनों को 35-35 फीसदी वोट शेयर मिल सकते हैं।
अनुमानों से और और नीचे लुढ़की DMK
हालांकि, एजेंसी ने एग्जिट पोल अनुमानों में कहा था कि 92 से 110 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर डीएमके गठबंधन रहेगा और तीसरे नंबर पर AIADMK गठबंधन रहेगा, जो सटीक होता नहीं दिख रहा। ताजा रुझानों में AIADMK अलायंस दूसरे नंबर पर और DMK अलायंस तीसरे नंबर पर जाता दिख रहा है। TVK ने इस चुनाव में किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं किया है। चुनावी रुझान एक और बड़े संकेत दे रहे हैं। विजय की टीवीके तमिलनाडु की पारंपरिक द्विध्रुवीय चुनावी राजनीति को बदलती दिख रही है और त्रिशंकु विधानसभा के आसार बनते दिख रहे हैं। राज्य में बहुमत का मैजिक नंबर 118 है।
देखें: Axis My India का एग्जिट पोल अनुमान
CM स्टालिन और डिप्टी सीएम बेटे भी पीछे
बता दें कि तमिलनाडु में एक ही चरण में 23 अप्रैल को मतदान हुए थे। राज्य में कुल 84.93 फीसदी वोट पड़े थे। सुपरस्टार विजय ने 2024 में TVK की स्थापना की थी। यह उनका पहला विधानसभा चुनाव है और पहले ही चुनाव में उनका डंका बज रहा है। ताजा रुझानों से तिरुचि (पूर्वी) और पेरम्बूर दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में टीवीके संस्थापक विजय को बढ़त मिलती दिख रही है, जबकि मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और उनके डिप्टी सीएम बेटे उदयनिधि ताजा रुझानों के मुताबिक अपनी-अपनी सीटों से पीछे चल रहे हैं। एग्जिट पोल सर्वे में सीएम पद के पसंदीदा चेहरे के मामले में भी एक्टर विजय ने बाजी मारी थी। उन्हें 37 फीसदी लोगों ने अपनी पहली पसंद बताया था, जबकि सीएम स्टालिन को 35 फीसदी लोगों ने अपनी पसंद बताया था।




साइन इन