Amid Iran war India relaxes kerosene rules to tackle energy supply issues LPG संकट के बीच फिर केरोसिन का दौर, पेट्रोल पंपों पर मिलेगा; सरकार ने दी नियमों में ढील, India News in Hindi - Hindustan
More

LPG संकट के बीच फिर केरोसिन का दौर, पेट्रोल पंपों पर मिलेगा; सरकार ने दी नियमों में ढील

एलपीजी क्राइसिस के बीच भारत सरकार ने रविवार को एक बड़ा ऐलान किया। इसके मुताबिक केरोसिन से जुड़े नियमों में ढील दी गई है। सरकार ने कहाकि वह पेट्रोलियम सुरक्षा और लाइसेंसिंग नियमों में छूट दे रही है।

Sun, 29 March 2026 11:07 PMDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
LPG संकट के बीच फिर केरोसिन का दौर, पेट्रोल पंपों पर मिलेगा; सरकार ने दी नियमों में ढील

एलपीजी क्राइसिस के बीच भारत सरकार ने रविवार को एक बड़ा ऐलान किया। इसके मुताबिक केरोसिन से जुड़े नियमों में ढील दी गई है। सरकार ने कहाकि वह पेट्रोलियम सुरक्षा और लाइसेंसिंग नियमों में छूट दे रही है। ताकि घरेलू उपयोग के लिए केरोसिन का तेजी से वितरण संभव हो सके। बता दें कि ईरान युद्ध के चलते दुनिया भर में ऊर्जा आपूर्ति बाधित हो रही है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा कि इन उपायों से 21 राज्यों और संघ शासित प्रदेशों में खाना बनाने और रोशनी के लिए घरेलू उपयोग में केरोसिन का अस्थायी वितरण सक्षम होगा।

हर जिले में दो पेट्रोल पंप
सरकार द्वारा नियमों में किए गए बदलाव के तहत पब्लिक सेक्टर की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा चलाए जाने वाले पेट्रोल पंप पर केरोसिन तेल को स्टोर करने और बांटने की अनुमति होगी। जिन भी पेट्रोल पंप को इसके लिए चुना जाएगा, वहां पर 5000 लीटर तक केरोसिन रखा जाएगा। हर जिले में अधिक से अधिक दो पेट्रोल पंप ही इसके लिए नॉमिनेट होंगे।

ताकि दूर हो लोगों की परेशानी
गौरतलब है कि विश्व स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इस चुनौतीपूर्ण हालात से निपटने के लिए केंद्र सरकार अहम कदम उठाने जा रही है। इसके तहत केंद्र सरकार ने राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम सुपीरियर केरोसीन ऑयल का एक अस्थायी आवंटन करने का निर्णय लिया है। इसमें 21 ऐसे राज्य/केंद्रशासित प्रदेश शामिल हैं, जो पीडीएस, एसकेओ मुक्त हैं। इसका मकसद यह है कि लोग घरों में खाना पकाने और उजाले का इंतजाम कर सकें।

नहीं होने देंगे दुरुपयोग
सरकार ने जो अधिसूचना जारी की है, उसके मुताबिक केरोसिन स्टोरेज, ट्रांसपोर्टेशन और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़े डीलरों और वाहनों को नियमों से छूट मिलेगी। इन्हें पेट्रोलियम रूल 2002 के लाइसेंसिंग प्रावधानों से छूट दी गई है। इसके पीछे मकसद सप्लाई चेन में तेजी लाना और सभी तक केरोसिन का वितरण किया जा सके। इसके साथ ही सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि केरोसिन का किसी तरह दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा। इसका इस्तेमाल केवल खाना पकाने और रोशनी के लिए किया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पूरा वीडियो सामने आया तो हिल जाएगी सरकार, खरात केस पर कांग्रेस नेता का बड़ा आरोप
ये भी पढ़ें:डुबो देंगे US वॉरशिप, मिसाइलें तैयार; ईरान ने भरी आयरिस डेना के बदले की हुंकार
ये भी पढ़ें:ईरान ने US को दिया न भूलने वाला गम, सऊदी हमले में तबाह किया एयरक्राफ्ट


ईंधन-गैस आपूर्ति पर क्या बोली सरकार
बता दें कि होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने के बीच सरकार ने देश में ईंधन और गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कदम तेज कर दिए हैं। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराकर ज्यादा खरीदारी से बचने की अपील की है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने बयान में कहाकि देश में रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता भी पूरे देश में पर्याप्त है और पेट्रोल पंप सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। मंत्रालय ने बताया कि कुछ राज्यों में अफवाहों के कारण लोगों ने घबराकर ज्यादा खरीदारी की, जिससे कुछ पेट्रोल पंप पर भीड़ और बिक्री में अचानक बढ़ोतरी देखी गई। हालांकि, देश के सभी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।