आप लोगों को बताइए, अजित पवार की मौत पर रोहित का प्रफुल्ल पटेल को चैलेंज; क्या पूछा सवाल
एनसीपी शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार ने अजित पवार की मौत पर एक बार फिर सवाल उठाया है। इस बार उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रफुल्ल पटेल से सवाल पूछा है। रोहित पवार ने प्रफुल्ल पटेल को चुनौती दी है कि वह लोगों को बताएं कि वह स्वार्थी हैं या अजित दादा के प्रेमी?

एनसीपी शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार ने अजित पवार की मौत पर एक बार फिर सवाल उठाया है। इस बार उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रफुल्ल पटेल से सवाल पूछा है। रोहित पवार ने प्रफुल्ल पटेल को चुनौती दी है कि वह लोगों को बताएं कि वह स्वार्थी हैं या अजित दादा के प्रेमी? गौरतलब है कि रोहित पवार लगातार अजित पवार की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग उठाते रहे हैं। तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे पर विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। रोहित पवार ने पहले भी यह सवाल उठाया था कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि क्या पायलट पर कोई दबाव था। उन्होंने पिछले महीने हुए हादसे में शामिल विमान का स्वामित्व रखने वाली निजी कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी
अपनी पोस्ट में क्या लिखा
अब रोहित ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि मि. प्रफुल पटेल जी (पूर्व केंद्रीय नागरी उड्डयन मंत्री), आपसे विनती है कि, अजित दादा के हादसे/षडयंत्र के लिए जिम्मेदार वीएसआर कंपनी के मालिक के पुत्र रोहित सिंह के राजस्थान में हुए विवाह में आप गए थे या नहीं? अगर गए होंगे तो उस विवाह में और कौन-कौन नेता थे और कौन पार्टी के थे, यह आपको अवश्य ही पता होगा, इसे आप लोगों को बताइए। आप स्वार्थी हैं या अजित दादा के प्रेमी हैं, यह महाराष्ट्र को दिखाइए…उन्होंने आगे लिखा कि आशा है कि आप कल प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इस संबंध में स्पष्टीकरण देंगे..!
पहले भी उठाया था सवाल
इससे पहले शु्क्रवार को रोहित पवार सवाल उठाया था कि क्या महाराष्ट्र अपराध जांच विभाग ने वाकई वीएसआर वेंचर्स के मालिक वीके सिंह से पूछताछ की या फिर उनकी शाही मेहमाननवाजी की। सिंह से 28 जनवरी को बारामती में हुई विमान दुर्घटना के सिलसिले में गुरुवार को यहां सीआईडी कार्यालय में पूछताछ की गई। इस हादसे में उप मुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोग मारे गए थे। यह विमान वीएसआर द्वारा संचालित लीयरजेट 45 विमान था। अधिकारियों के मुताबिक, सिंह से सात घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की गई और उनका बयान रिकॉर्ड किया गया। उन्हें शाम करीब 7.30 बजे सीआईडी ऑफिस से जाने दिया गया।
सीआईडी पूछताछ पर कही थी यह बात
पवार ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था कि अब इस बात का शक पैदा हो गया है कि वीएसआर कंपनी के मालिक वीके सिंह, जिन्हें अजित दादा की दुर्भाग्यपूर्ण मौत के लिए जिम्मेदार लोगों में से एक माना जाता है, को सीआईडी ने पूछताछ के लिए बुलाया था या शाही मेहमाननवाज़ी के लिए? रोहित पवार ने कहा कि सिंह सुबह 11 बजे सीआईडी दफ्तर पहुंचे और दावा किया गया कि उनसे आठ घंटे तक पूछताछ की गई। उन्होंने कहाकि लेकिन असल में, ज़्यादातर समय कथित तौर पर उनकी देखभाल करने और मेहमाननवाजी में बीता। रात में, उन्हें काले शीशे वाली पुलिस गाड़ी में मेहमान की तरह ले जाया गया।
पवार ने कहा कि सच छिपाने के लिए चाहे कितने भी काले पर्दे डाल दिए जाएं, इस मामले में सच का सूरज आखिरकार उगेगा। उन्होंने पूछा कि एक तरफ, हमारी सही मांग होने के बावजूद, इस हादसे के बारे में प्राथमिकी भी दर्ज नहीं की जा रही है। दूसरी तरफ, वी के सिंह, जिनके विमान ने अजित दादा को हमसे छीन लिया, उनके साथ किसके आशीर्वाद से वीआईपी जैसा व्यवहार किया जा रहा है? पवार ने यह भी दावा किया कि जो मीडिया वाले इस मामले को कवर करने सीआईडी दफ्तर गए थे, उनके साथ पुलिस ने बुरा बर्ताव किया। उन्होंने पूछा कि ऐसे हालात में, क्या सत्ताधारी खेमे के विधायक जिन्होंने अजित दादा के साथ काम किया और खुद को उनका ‘भरोसेमंद’ साथी कहा, अब आखिरकार जागेंगे?
विमान दुर्घटना के बाद, बारामती तालुका थाने में दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट दर्ज की गई थी, और बाद में मामला पुणे सीआईडी को हस्तांतरित कर दिया गया था। इससे पहले, एजेंसी ने कहा था कि उसका ध्यान यह पता लगाने पर है कि बारामती हादसे की वजह कोई साजिश या आपराधिक लापरवाही तो नहीं थी।




साइन इन