Air India Plane Crash Ahmedabad One Passenger Vishwas Kumar Survived Says When I Got Up All Around Me चमत्कार! एयर इंडिया विमान हादसे में जिंदा बच गया एक शख्स, बोला- जब मैं उठा तो मेरे चारों ओर..., India News in Hindi - Hindustan
More

चमत्कार! एयर इंडिया विमान हादसे में जिंदा बच गया एक शख्स, बोला- जब मैं उठा तो मेरे चारों ओर...

एयर इंडिया विमान हादसे में 40 वर्षीय विश्वास कुमार जिंदा बच गए। उन्होंने बताया कि उड़ान भरने के तीस सेकंड बाद तेज आवाज हुई और फिर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह सब बहुत जल्दी हुआ। जब मैं उठा तो मेरे चारों तरफ लाशें बिखरी पड़ी थीं।

Thu, 12 June 2025 08:20 PMMadan Tiwari हिन्दुस्तान टाइम्स, अहमदाबाद, मौलिक पाठक
share
चमत्कार! एयर इंडिया विमान हादसे में जिंदा बच गया एक शख्स, बोला- जब मैं उठा तो मेरे चारों ओर...

गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी समेत 200 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि, विमान में सफर कर रहा एक यात्री जिंदा बच गया। इसे चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है। विश्वास कुमार रमेश एयर इंडिया की फ्लाइट में 11 ए सीट पर बैठकर लंदन जा रहे थे। दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

40 वर्षीय विश्वास कुमार ने हमारे सहयोगी अंग्रेजी अखबार ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ को बताया, ''जब मैं उठा तो मेरे चारों ओर लाशें बिखरी पड़ी थीं। मैं डर गया। मैं खड़ा हुआ और भागा। मेरे चारों तरफ विमान के टुकड़े बिखरे पड़े थे। उड़ान भरने के तीस सेकंड बाद तेज आवाज हुई और फिर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह सब बहुत जल्दी हुआ।'' विश्वास के सीने, आंखों और पैरों पर चोट आई है और उनका इलाज चल रहा है। लंदन के गैटविक जाने वाला एयर इंडिया का विमान - बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर - क्रू मेंबर्स के सदस्यों सहित 242 लोगों को लेकर गुरुवार को दोपहर 1.38 बजे अहमदाबाद से उड़ा और कुछ ही मिनटों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:1:38 पर भरी उड़ान, चंद मिनटों में हुआ हादसा; विमान हादसे की दर्दनाक तस्वीरें
ये भी पढ़ें:अहमदाबाद में बड़ा हादसा, लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान क्रैश; 242 लोग थे सवार

इसी विमान में यात्रा कर रहे विश्वास कुमार एक ब्रिटिश नागरिक हैं और कुछ दिनों के लिए अपने परिवार से मिलने भारत आए थे। वह अपने भाई अजय कुमार रमेश (45) के साथ वापस लंदन जाने के लिए प्लेन में सवार थे। विश्वाश के पास से बोर्डिंग पास भी मिला है। उन्होंने कहा कि वह 20 साल से लंदन में रह रहे हैं और उनकी पत्नी और बच्चा भी लंदन में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनके भाई अजय के साथ विमान में अलग पंक्ति में बैठे थे। उन्होंने कहा, "हम दीव गए थे। वह मेरे साथ यात्रा कर रहे थे और अब मैं उन्हें नहीं ढूंढ पा रहा हूं। कृपया उन्हें ढूंढने में मेरी मदद करें।" विमान हादसे में घायल हुए लोगों को शहर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गुरुवार देर शाम तक पुलिस ने 204 लोगों के मरने की पुष्टि कर दी है और यह आंकड़ा अभी बढ़ सकता है।