Israel Iran War will respond firmly if US becomes directly involved in Israeli strikes says Iran नहीं झुकेगा ईरान, अमेरिका को भी दिखा रहा आंख, कहा- ट्रंप की कही एक-एक बात का रखेंगे हिसाब, Middle-east Hindi News - Hindustan
More

नहीं झुकेगा ईरान, अमेरिका को भी दिखा रहा आंख, कहा- ट्रंप की कही एक-एक बात का रखेंगे हिसाब

ईरान और इजरायल के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। इस बीच अमेरिका कभी भी जंग में प्रत्यक्ष रूप से उतर सकता है। ऐसे में ईरान अमेरिका को भी आंख दिखा रहा है।

Wed, 18 June 2025 03:08 PMJagriti Kumari एपी, दुबई
share
नहीं झुकेगा ईरान, अमेरिका को भी दिखा रहा आंख, कहा- ट्रंप की कही एक-एक बात का रखेंगे हिसाब

Israel Iran War: ईरान और इजरायल के बीच जारी भीषण संघर्ष के बीच मंगलवार को ट्रंप ने ईरान को बिना शर्त सरेंडर करने की चेतावनी दी थी। कई रिपोर्ट्स में इस बात को लेकर दावे किए जा रहे हैं कि अमेरिका जल्द ही इस जंग में प्रत्यक्ष रूप से उतर सकता है। इन सब के बावजूद ईरान झुकने को तैयार नहीं है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बुधवार को चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ने इस संघर्ष में हस्तक्षेप किया तो बड़ा युद्ध छिड़ जाएगा। ईरान ने कहा कि उसने अमेरिका को बता दिया है कि अगर अमेरिका सीधे तौर पर इजरायल का साथ देता है तो ईरान इसका सख्त जवाब देगा।

ईरानी प्रवक्ता इस्माइल बाघई ने अल जजीरा को दिए एक साक्षात्कार के दौरान कहा, ‘‘अमेरिका का किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप इस क्षेत्र में पूर्ण युद्ध और बड़ी तबाही का कारण होगा।’’ बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार को यह कहकर खलबली मचा दी कि अमेरिका जानता है कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई कहां छिपे हैं और वह कभी भी उनका खात्मा कर सकता है। ट्रंप ने यह भी कहा है कि वह संघर्ष विराम से ‘कहीं अधिक बड़ा’ कुछ चाहते हैं।

ईरान इन सबका हिसाब रखेगा…

वहीं जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र में ईरानी राजदूत ने कहा है कि डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियां आग में घी डालने का काम कर रही हैं। ईरान ने कहा है कि वह इन बयानों को अनदेखा नहीं करेगा। ईरानी राजदूत ने कहा, “हम इन बातों को अनदेखा नहीं करेंगे और ईरान इन सबका हिसाब रखेगा।” इस बीच संघर्ष शुरू होने के बाद से अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में अपने 40,000 से ज्यादा सैनिकों को अलर्ट कर दिया है। वहीं अमेरिका ने इस इलाके में कई फाइटर जेट्स भी तैनात किए हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पड़ोसी देश ने ईरान को पहुंचाई हथियारों की खेप? तीन दिन में उतारे 3 कार्गो प्लेन
ये भी पढ़ें:अलग-थलग पड़े ईरान के खामेनेई, इजरायली हमलों में ढहा करीबी सर्कल; बेटे का उदय
ये भी पढ़ें:ईरान के लिए अगले 48 घंटे अहम, US भी सैनिक भेजने को तैयार; वाइट हाउस में चला मंथन
ये भी पढ़ें:तबाह हो रहा ईरान, हिजबुल्लाह देख रहा तमाशा; बरसों तक पालने का ऐसा इनाम?

जंग हुई भयावह

ईरान और इजरायल के बीच हालिया संघर्ष तब शुरू हुआ जब बीते शुक्रवार को इजराइल ने ईरान के परमाणु ठिकानों को निशाना बनाकर हमला शुरू कर दिया। इसके बाद से इजरायल ने अब तक ईरान के कई सैन्य अधिकारियों और खामेनेई के करीबियों को मार गिराया है। वहीं ईरान भी इजराइल पर लगातार मिसाइल दाग रहा है। खबरों के मुताबिक इजरायली हमलों में अब तक ईरान के लगभग 600 लोगों की मौत हो गई है। वहीं इजरायल में भी करीब 20 लोग मारे जा चुके हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।