ईरान ने अमेरिका को दिया एक और बड़ा झटका, F-18 को मार गिराने का दावा
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका को एक और बड़ा झटका देने का दावा किया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा है कि उन्होंने अमेरिकी वायुसेना का एक F-18 फाइटर जेट मार गिराया है।

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका को एक और बड़ा झटका देने का दावा किया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने कहा है कि उन्होंने अमेरिकी वायुसेना का एक F-18 फाइटर जेट मार गिराया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने एक बड़ा बयान जारी करते हुए दावा किया है कि देश के एकीकृत वायु रक्षा नेटवर्क के तहत अमेरिकी सेना के एक एफ-18 लड़ाकू विमान को ईरानी रक्षा प्रणालियों ने निशाना बनाया है।
आईआरजीसी के अनुसार, अमेरिकी ‘आतंकवादी सेना’ का यह लड़ाकू विमान ईरानी हवाई क्षेत्र में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा था, जिसे एकीकृत वायु रक्षा प्रणाली ने सफलतापूर्वक लक्ष्य बनाया। रक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई से विमान को गंभीर क्षति पहुंची है। यह घटना ईरान-अमेरिका तनाव के बीच हुई है, जहां ईरानी सेना ने बार-बार चेतावनी दी थी कि किसी भी विदेशी आक्रमण का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
इस दौरान आईआरजीसी ने जोर देकर कहा कि ईरान की वायु रक्षा प्रणाली पूरी तरह सतर्क है और देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए किसी भी चुनौती का सामना करने को तैयार है। हालांकि अभी तक ईरानी दावे को लेकर अमेरिका की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।
इससे पहले ईरान ने बुधवार को पश्चिम एशिया में युद्धविराम के अमेरिका के प्रस्ताव को खारिज कर दिया और इजराइल व खाड़ी अरब देशों पर हमले तेज कर दिए। ईरान ने ये जवाबी हमले ऐसे समय में किए, जब इजराइल ने तेहरान पर हवाई हमले किए और वाशिंगटन ने क्षेत्र में पैराट्रूपर्स व अधिक संख्या में मरीन सैनिकों की तैनाती की।
ईरान के सरकारी समाचार प्रसारक 'प्रेस टीवी' ने एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से बताया कि ईरान ने अमेरिका के युद्धविराम प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है। प्रेस टीवी ने अधिकारी के हवाले से बताया कि ईरान युद्ध तभी समाप्त करेगा जब वह ऐसा चाहेगा और जब उसकी शर्तें पूरी होंगी।" अधिकारी ने बताया कि तेहरान पश्चिम एशिया में अपने 'जोरदार हमले' जारी रखेगा।
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुतारेस ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े विभिन्न गुटों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि लड़ाई 'उन सीमाओं को पार कर चुकी है, जिनकी कल्पना नेताओं ने भी नहीं की थी'। उन्होंने अमेरिका और इजराइल से ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने का आग्रह किया। गुतारेस ने ईरान से खाड़ी देशों पर हमले रोकने का आह्वान करते हुए कहा कि यह हद से ज्यादा हो गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन