केवल आप ही जंग रोक सकते हैं; ईरान युद्ध के बीच मिस्र के राष्ट्रपति ने ट्रंप से लगाई गुहार
काहिरा में आयोजित मिस्र एनर्जी शो 2026 के उद्घाटन समारोह में सिसी ने कहा कि मैं राष्ट्रपति ट्रंप से कहता हूं कि हमारे क्षेत्र में, खाड़ी में इस युद्ध को कोई नहीं रोक सकता... केवल आप ही रोक सकते हैं। कृपया, राष्ट्रपति महोदय, कृपया हमारी मदद करें, युद्ध रोकने में मदद करें। आप ऐसा करने में सक्षम हैं।

अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी ने सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सीधी अपील की कि केवल वे ही इस युद्ध को रोक सकते हैं। काहिरा में आयोजित मिस्र एनर्जी शो 2026 के उद्घाटन समारोह में सिसी ने कहा कि मैं राष्ट्रपति ट्रंप से कहता हूं कि हमारे क्षेत्र में, खाड़ी में इस युद्ध को कोई नहीं रोक सकता... केवल आप ही रोक सकते हैं। कृपया, राष्ट्रपति महोदय, कृपया हमारी मदद करें, युद्ध रोकने में मदद करें। आप ऐसा करने में सक्षम हैं।
सिसी ने आगे भावुक अपील करते हुए कहा कि मैं मानवता के नाम पर और शांति से प्रेम करने वाले हर व्यक्ति के नाम पर आपसे बात कर रहा हूं। मुझे पता है कि आप भी शांति प्रेमी हैं। मैं यह संदेश खुद की ओर से, पूरे क्षेत्र की ओर से और पूरी दुनिया की ओर से दे रहा हूं। इस दौरान राष्ट्रपति सिसी ने चेतावनी भी दी कि यदि युद्ध लंबा खिंचा तो तेल की कीमतें 200 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर जा सकती हैं और यह चिंता अतिशयोक्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि युद्धों का परिणाम हमेशा हानि, विनाश और क्षति ही होता है, कोई भी इससे विजेता नहीं बनकर निकलता।
मिस्र, पाकिस्तान और तुर्की सहित कई देश वाशिंगटन और तेहरान के बीच संवाद कराने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सिसी की यह अपील अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा ईरान को हालिया चेतावनी के ठीक बाद आई है। बता दें कि सिसी ने ट्रंप से ऐसी अपील इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी की थी, जब इजरायल और हमास के बीच शांति वार्ता चल रही थी।
दरअसल, ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा था कि यदि जल्द ही कोई समझौता नहीं होता और होर्मुज जलडमरूमध्य तुरंत व्यापार के लिए नहीं खुलता, तो अमेरिका ईरान के बिजली उत्पादन संयंत्रों, तेल के कुओं और खार्ग द्वीप (जिसे उन्होंने अभी तक जानबूझकर नहीं छुआ है) को नष्ट कर देगा। ट्रंप ने इसे पुराने शासन के दौरान ईरान द्वारा किए गए अत्याचारों का प्रतिशोध बताया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन