न राज ठाकरे, न न्यूज बुलेटिन; हम तय करेंगे पार्टी के मसले; कौन लीड करेगा NCP? प्रफुल्ल पटेल ने बताया
पटेल ने कहा कि कौन क्या बनेगा, कब बनेगा और कैसे बनेगा, यह फैसला मेरी जिम्मेदारी है और मैं उसे निभा रहा हूं। पटेल ने कहा, कि आज, नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट के तौर पर मैं जिम्मेदारी से अजीत पवार के बाद ट्रांज़िशन सुनिश्चित कर रहा हूँ।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में नेतृत्व और भविष्य की दिशा को लेकर चल रही अटकलों के बीच पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी के अंदरूनी फैसले किसी बाहरी दबाव या कयासों के आधार पर नहीं लिए जाएंगे। दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि अजित पवार के बाद पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन की जिम्मेदारी वह खुद निभा रहे हैं और यह प्रक्रिया पूरी तरह जिम्मेदारी और सोच-समझकर आगे बढ़ाई जा रही है।
“कौन क्या बनेगा, यह पार्टी तय करेगी”
पटेल ने कहा, “कौन क्या बनेगा, कब बनेगा और कैसे बनेगा- यह फैसला मेरी जिम्मेदारी है और मैं उसे निभा रहा हूं।" पटेल ने कहा, "आज, नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट के तौर पर मैं जिम्मेदारी से अजित पवार के बाद ट्रांज़िशन सुनिश्चित कर रहा हूँ। उन्होंने दो टूक कहा कि राज ठाकरे या सुबह 9 बजे की कोई न्यूज़ बुलेटिन यह तय नहीं करेगी कि हमारी पार्टी में क्या होगा?” उनके इस बयान को हाल के दिनों में चल रही मीडिया चर्चाओं और राजनीतिक अटकलों पर सीधा जवाब माना जा रहा है।
विलय पर फिलहाल कोई चर्चा नहीं
पार्टी के संभावित विलय (Merger) को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रफुल्ल पटेल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि यह मुद्दा इस वक्त एजेंडे में ही नहीं है।उन्होंने कहा, “पहले हम पार्टी के अंदरूनी मामलों को सुलझाएंगे। उसके बाद ही किसी और विषय पर सोचा जाएगा। फिलहाल विलय को लेकर कोई चर्चा नहीं हो रही है।” पटेल ने बताया कि पार्टी की विधायिका इकाई (Legislative Wing) का नेतृत्व पहले ही तय किया जा चुका है। अब अगला कदम पार्टी संगठन के नेतृत्व को अंतिम रूप देना है।
पार्टी लीड कौन करेगा?
पार्टी का नेतृत्व करने के सवाल पर पटेल ने कहा कि वह दिवंगत नेता अजित पवार के स्थान पर पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने कहा, “पार्टी संगठन को कौन संभालेगा, इस पर प्रक्रिया चल रही है।” इससे पहले, अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पार्टी कार्यालय में राकांपा नेता ने कहा कि पार्टी उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में अपने भविष्य की योजना बनाएगी।
सियासी संकेत
प्रफुल्ल पटेल का यह बयान साफ संकेत देता है कि एनसीपी इस वक्त अंदरूनी स्थिरता, संगठनात्मक पुनर्गठन और नेतृत्व की स्पष्टता पर पूरा ध्यान केंद्रित कर रही है। पटेल ने अफसोस जताया कि पिछले हफ्ते विमान दुर्घटना में अजित पवार की मौत के बाद पार्टी द्वारा लिए गए फैसलों के बारे में वे लोग बात कर रहे हैं जिनका NCP से कोई संबंध नहीं है। बहरहाल, जहां राजनीतिक गलियारों में एनसीपी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं, वहीं पार्टी नेतृत्व का कहना है कि फैसले बंद कमरों में नहीं, पार्टी के भीतर तय प्रक्रिया से होंगे। आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि एनसीपी का अगला संगठनात्मक चेहरा कौन होगा लेकिन फिलहाल संदेश साफ है कि पार्टी अपनी दिशा खुद तय करेगी।




साइन इन