DGCA की जांच पूरी होने तक इंतजार कीजिए, प्लेन क्रैश पर रोहित पवार के आरोपों पर CM फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत के मामले में नागर विमानन महानिदेशालय की जांच जारी है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले इसके जांच पूरी होने का इंतजार किया जाना चाहिए।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत के मामले में नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की जांच जारी है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले इसके (जांच के) पूरी होने का इंतजार किया जाना चाहिए। फडणवीस ने कहा कि विमान का 'ब्लैक बॉक्स' बरामद कर लिया गया है और सभी पहलुओं से जांच शुरू हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने डीजीसीए द्वारा की जा रही इस हादसे की जांच को "बेहद महत्वपूर्ण" बताते हुए कहा कि इसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जाना चाहिए।
फडणवीस मुंबई में संवाददाताओं को अजित पवार के भतीजे और विधायक रोहित पवार द्वारा उठाए गए सवालों के संबंध में पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे। दरअसल, पुणे जिले के बारामती में हवाई पट्टी के पास 28 जनवरी को लियरजेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें अजित पवार चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। रोहित पवार ने मंगलवार को विमान दुर्घटना से पहले की घटनाओं के क्रम को लेकर कई सवाल उठाए थे और मामले की व्यापक जांच की मांग की थी।
अगर संदेह है तो दूर किया जाना चाहिए
फडणवीस ने कहा कि मैंने व्यक्तिगत रूप से रोहित पवार का बयान नहीं सुना है, लेकिन मुझे इस बारे में थोड़ी बहुत जानकारी है। मेरा मानना है कि यदि किसी को कोई संदेह है तो उसे दूर किया जाना चाहिए। भारतीय कानून के तहत उपलब्ध जांच एजेंसियों ने ऐसे मामलों में अपेक्षित जांच पहले ही शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पहले व्यक्ति थे जिन्होंने केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय को पत्र लिखकर इस दुर्घटना की विस्तृत जांच की मांग की थी। उन्होंने कहा कि यदि हमारे विमानन क्षेत्र में किसी प्रकार की त्रुटि या कमी रही है, तो उससे सीख लेकर उसे दूर किया जा सकता है और आम नागरिकों तथा जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकता है।
फडणवीस के कैबिनेट सहयोगी और शिवसेना के मंत्री संजय शिरसाट ने रोहित पवार की जांच की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने दुर्घटना पर संदेह जताया है। इन संदेहों को दूर किया जाना चाहिए। सरकार अपनी तरफ से कोशिश कर रही है। अगर हर दिन नए सबूत सामने आते हैं, तो उनका संज्ञान लेना जरूरी है। मंत्री ने कहा कि रोहित पवार ने संवाददाता सम्मेलन में जिस तरह से सब कुछ पेश किया है, उससे घटना पर संदेह की गुंजाइश बनी हुई है। वे उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं। यह जांच सीबीआई या किसी विशेष एजेंसी द्वारा की जानी चाहिए, लेकिन जांच जरूर होनी चाहिए।"
संजय राउत ने भी उठाए सवाल
शिवसेना (उबाठा) सांसद संजय राउत ने विमान दुर्घटना पर कई सवाल उठाए और कहा कि इसमें संदेह की गुंजाइश है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र को रोहित पवार द्वारा पेश की गई बातों पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्या कोई पूर्व नियोजित साजिश थी? पवार परिवार के किसी महत्वपूर्ण सदस्य, जो सांसद हैं, ने यह मुद्दा उठाया है। राउत ने कहा कि रोहित पवार द्वारा बताए गए अजित पवार की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच फडणवीस को करवानी चाहिए।




साइन इन