MP में मौसम ने बदली करवट, कई जगह हुई बारिश; 23 जिलों के लिए IMD का बारिश व ओले गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश एवं निकटवर्ती क्षेत्रों में औसत समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। एक ट्रफ पूर्व-मध्य अरब सागर से MP के केंद्र तक गुजरात एवं दक्षिण-पूर्व राजस्थान से होकर औसत समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है।

एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मध्य प्रदेश में मौसम ने करवट बदली है और बीते चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने बुधवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 24 घंटो के दौरान प्रदेश के इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कुछ अन्य जिलों में बादल छाए रहे और बिजली चमकने व आंधी-तूफान की घटनाएं हुईं। वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज और कल भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आमतौर पर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है और कुछ स्थानों पर गरज और बिजली चमकने के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान विभाग ने प्रदेश के 5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, वहीं 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए वहां हल्की से लेकर तेज बारिश होने का अनुमान लगाया है।
बीते दिन के मौसम की बात करें तो मंगलवार को प्रदेश में झाबुआ में सबसे ज्यादा 3.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा रामा में 3.2 मिमी, रतलाम में 3 मिमी, जावरा में 1 मिमी, आलोट में 1 मिमी, खचरौद में 1 मिमी, बड़वानी में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बड़वानी, झाबुआ, रतलाम और उज्जैन जिलों में भी बिजली चमकने व आंधी-तूफान की घटनाएं दर्ज की गईं। इस दौरान खंडवा में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस करौंदी (कटनी) में दर्ज किया गया।
बुधवार को प्रदेश के 5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 18 फरवरी बुधवार के लिए प्रदेश के ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए इन जिलों में तेज बारिश होने, बिजली गिरने, ओलावृष्टि होने, 30 से 40 किमी की स्पीड से झोंकेदार हवाएं चलने और झंझावत की आशंका जताई है। इसके अलावा विभाग ने प्रदेश के गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, टीकमगढ़, निवाड़ी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए इन जिलों में झंझावत, बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने की आशंका जताई है। साथ ही राजगढ़, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, छतरपुर जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी करते हुए झंझावत और बिजली गिरने का अनुमान लगाया है।
आज इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
IMD ने बुधवार को प्रदेश के विदिशा, राजगढ़, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में वर्षा या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
गुरुवार को भीग सकते हैं प्रदेश के ये 8 जिले
IMD ने गुरुवार 19 फरवरी को प्रदेश के भिंड, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

सिनोप्टिक मौसमी परिस्थितियां
पश्चिमी विक्षोभ, एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान एवं संलग्न पश्चिम राजस्थान के ऊपर औसत समुद्र तल से 3.1 से 7.6 किमी के बीच अवस्थित है तथा ऊंचाई के साथ उत्तर-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ, केंद्रीय पाकिस्तान और उससे लगे पंजाब के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में औसत समुद्र तल से 3.1 से 5.8 किमी के बीच अवस्थित है और उपरोक्त पश्चिमी विक्षोभ में विलय हो गया है।




साइन इन