ujjain road widening project could affect many houses and temples उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण से कई मकान और मंदिर हो सकते हैं प्रभावित; लोगों का विरोध, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण से कई मकान और मंदिर हो सकते हैं प्रभावित; लोगों का विरोध

उज्जैन में सांदीपनि चौराहे से उद्यान मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव है जिससे 26 मकान और 16 मंदिर प्रभावित हो रहे हैं। योजना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों ने शुक्रवार को अपनी दुकानें बंद रखकर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।

Fri, 16 Jan 2026 04:53 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, उज्जैन
share
उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण से कई मकान और मंदिर हो सकते हैं प्रभावित; लोगों का विरोध

उज्जैन में अब सड़क चौड़ीकरण से कई मकान और मंदिर प्रभावित हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि उज्जैन शहर के संदीपनी चौराहे से लेकर उद्यान मार्ग तक 80 फुट सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इस वजह से एक दर्जन से अधिक मकानों के हिस्से अतिक्रमण के दायरे में आ रहे हैं जिन पर बुलडोजर एक्शन का जोखिम है। यही कारण है कि स्थानीय लोग और व्यापारी चौड़ीकरण के विरोध में आ गए हैं। शुक्रवार को लोगों ने एकजुट होकर विरोध किया।

कई मार्गों को किया जा रहा चौड़ा

उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों को चौड़ा करने का काम किया जा रहा है। यही नहीं शिप्रा नदी पर 29 किलोमीटर लंबे पक्के घाट बनाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगर निगम ने सांदीपनि चौराहे से उदयन मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण की तैयारी की है।

26 मकानों पर असर पड़ेगा

नगर निगम के प्रस्ताव के अनुसार, इस सड़क चौड़ीकरण की वजह से लगभग 26 मकानों पर असर पड़ेगा जिनके सामने का करीब 13 फीट का हिस्सा हटाया जा सकता है। इसके साथ ही रास्ते में आने वाले लगभग 16 मंदिर भी इसकी चपेट में आ रहे हैं, जिनके विस्थापन के लिए नगर निगम ने वैकल्पिक व्यवस्था की बात कही है। निगम का कहना है कि सड़क को चौड़ा करने का काम जनवरी के आखिरी दिनों या फरवरी की शुरुआत में शुरू किया जा सकता है।

व्यापारियों में भारी गुस्सा

निगम प्रशासन द्वारा सड़क पर मार्किंग करने के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी गुस्सा देखा गया। इसके विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में व्यापारी और निवासी सड़कों पर उतर आए और अपना विरोध दर्ज कराया। लक्ष्मी नगर चौराहे पर मंच बनाकर जमकर विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की गई जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए।

सड़क को और चौड़ा करने की कोई जरूरत

व्यापारियों और निवासियों की मांग है कि अधिकारियों को इस मुद्दे पर उनसे बातचीत कर कोई सही रास्ता निकालना चाहिए। प्रदर्शनकारियों का तर्क है कि जिस सड़क को चौड़ा किया जा रहा है वहां न तो सिंहस्थ का मेला लगता है और न ही यातायात के हिसाब से सड़क को और चौड़ा करने की कोई जरूरत है।

बिना सही सर्वे के ऐक्शन के आदेश

शुक्रवार सुबह स्थानीय निवासी और व्यापारी सड़क पर प्रदर्शन करने उतर आए। उन्होंने मंच लगाकर नारेबाजी की और अपना विरोध जताया। इस दौरान इलाके की ज्यादातर दुकानें बंद रखी गईं और दुकानों पर सड़क चौड़ीकरण के विरोध में पोस्टर भी लगाए गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रशासन बिना किसी बातचीत और सही सर्वे के कार्रवाई कर रहा है जिससे लोगों में डर का माहौल है। प्रदर्शन में शामिल दिनेश पाटीदार ने कहा कि यह सड़क पहले से ही काफी चौड़ी है और यहां सिंहस्थ जैसी भीड़ भी नहीं होती।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गाजियाबाद नगर निगम का बड़ा फैसला, 150 जगहों पर लगेंगे वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
ये भी पढ़ें:दिल्ली-NCR में इस हफ्ते दिखेगी बादलों की आवाजाही, कल कोहरे का येलो अलर्ट
ये भी पढ़ें:एमपी में 15 लाख पेड़ों की कटाई का प्रस्ताव, NGT ने वन महानिदेशक से मांगा जवाब

चक्काजाम की चेतावनी

व्यापारी प्रवीण जैन ने आरोप लगाया कि अब तक कोई सही सर्वे नहीं किया गया है और अधिकारी बार-बार गलत तरीके से नाप-जोख करके लोगों को मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस रास्ते को चौड़ा करने की कोई असल जरूरत नहीं है इसलिए प्रशासन का यह कदम समझ से बाहर है। इस बीच प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आने वाले समय में चक्काजाम किया जाएगा।

रिपोर्ट- विजेन्द्र यादव

लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ , CBSE Board Result, MP Board 10th result, MP Board 12th result अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर|