हाईवे पर दौड़ती मौत! MP में कार को 1.5 KM तक घसीटता रहा ट्रक, डरा देगा VIDEO
एमपी में ग्वालियर हाईवे पर दिल दहला देने वाला मंजर सामने आया है। एक ट्रक कार को टक्कर मारने के बाद 1.5 किलोमीटर तक घसीटता रहा। कार में एसएसएफ अधिकारी सवार थे।

मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा ग्वालियर हाईवे पर खौफनाक मंजर सामने आया है। एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार ट्रक के आगे फंस गई, लेकिन ड्राइवर ट्रक रोकने की बजाय कार को करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटता ले गया। कार में एसएएफ के अधिकारी सवार थे,जो बटालियन में पदस्थ हैं और ओरछा से आ रहे थे। इस घटना का वीडियो सामने आया है।
घटना टेकनपुर सीमा के बाहर बझेरा गांव की पुलिया के पास की है। जानकारी के अनुसार, नेक्सॉन कार MP07-ZG-9779 में तीन लोग सवार थे। हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद तीनों लोग सुरक्षित बच गए। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आया। हादसे के बाद कार सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया मंजर
प्रत्यक्षदर्शी सेबू गुर्जर ने बताया कि अपनी बुलेट से ट्रक का पीछा किया। लगातार चिल्लाकर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका। कुछ अन्य राहगीरों ने भी ट्रक को रोकने की कोशिश की। करीब डेढ़ किलोमीटर तक कार को घसीटने के बाद ड्राइवर ने कार को सड़क किनारे छोड़ दिया और भागने की कोशिश की।
लोगों ने ड्राइवर की बुरी तरह पिटाई की
कुछ देर पीछा करने के बाद लोगों ने ट्रक को रोक लिया और ड्राइवर की पिटाई भी की। बताया जा रहा है कि कार में एसएएफ के अधिकारी सवार थे। जो बटालियन में पदस्थ हैं और ओरछा से आ रहे थे। फिलहाल इस मामले में कोई भी अपराध दर्ज नहीं किया गया है।
वीडियो में दिख रहा है कि कार ड्राइवर लगातार ट्रक पर हाथ पटक रहा है।ट्रक रोक दे…की गुहार लगा रहा है है, पर ड्राइवर ने ट्रक नहीं रोका। कुछ राहगीरों ने कार से भी वीडियो बनाया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि ट्रक ड्राइवर बार-बार लहराते हुए गाड़ी को घसीट रहा है।बाद में उसने एक खंती की तरफ ले जाकर गाड़ी को पटक दिया।
इस संबंध में आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा ने कहा कि मामले में कोई भी रिपोर्ट करने नहीं आया है। यदि कोई आता है तो मामला दर्ज किया जाएगा। ट्रक को बिलौआ क्षेत्र में रोक लिया गया है।
रिपोर्ट-अमित कुमार




साइन इन