सीधी में अंबेडकर जयंती की रैली में जमकर कटा बवाल, थाने में तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों से मारपीट
मध्य प्रदेश के सीधी में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के मौके पर जश्न का माहौल अचानक हिंसा में बदल गया। मामला इतना बड़ा कि उपद्रव करने वालों ने थाना परिसर में मारपीट और तोड़फोड़ भी की।

मध्य प्रदेश के सीधी में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के मौके पर जश्न का माहौल अचानक हिंसा में बदल गया। मामला इतना बड़ा कि उपद्रव करने वालों ने थाना परिसर में मारपीट और तोड़फोड़ भी की। यह पूरा घटनाक्रम रैली शुरू होने के साथ ही विवाद में बदल गया। बताया जा रहा है कि अंबेडकर जयंती पर रैली निकाली जानी थी, इसी बीच किसी ने बोलेरो रास्ते में खड़ी दी और अपना काम करने लगा। इस बात पर गुस्साए भीम आर्मी से जुड़े 50 से ज्यादा लोग अमिलिया में चालक मनी शुक्ला के घर पहुंचे, और पहले बोलेरो वाहन में तोड़फोड़ की। इसके बाद हमलावर घर में घुस गए और परिवार के कई लोगों के साथ बेरहमी से मारपीट की।
थाना परिसर में तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों से मारपीट
इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया, गुस्साए लोगों ने भीम आर्मी से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं को घेरकर उनकी पिटाई कर दी। धीरे-धीरे दोनों पक्षों के विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया, इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई और तनाव पूरे क्षेत्र में फैल गया। यह पूरा मामला यहीं नहीं थमा, बताया यह भी जा रहा है कि इसके बाद भीम आर्मी के कुछ कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। जहां उन्होंने जमकर हंगामा किया। थाना परिसर में तोड़फोड़ की। बाहर खड़ी गाड़ियों को नुकसान भी पहुंचाया और पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट की गई।
14 लोग घायल हुए, 8 का इलाज जारी
इस घटना में दोनों पक्षों से कुल 14 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 8 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि 6 घायलों का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर विकास मिश्रा सहित, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्षेत्र में फ्लैग मार्च एवं विभिन्न वर्गों को समझाइश देकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।



हालात काबू में, दर्ज हो गई एफआईआर
वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। इस मामले में मारपीट, बलवा एवं शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कलेक्टर ने जिले के सभी वर्गों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।




साइन इन