MP: शिवपुरी में बनेगा पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर, देश में सिर्फ 6 ही मौजूद; सिंधिया ने किया एलान
सिंधिया ने कहा कि 'देश भर में सिर्फ छह जगहों पर पोस्टल ट्रेनिंग कॉलेज हैं, सातवां पोस्टल ट्रेनिंग कॉलेज अब शिवपुरी में बनने जा रहा है। 111 करोड़ रुपये की योजनाएं हैं, जिनका शिलान्यास मैं अपनी अगली यात्रा के दौरान करूंगा।'

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले दौरे के अंतिम दिन आधुनिक उप-डाकघर और शिवपुरी सिटी पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन किया। केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान बताया कि शिवपुरी के सभी 52 पोस्ट ऑफिस का आधुनिकीकरण पूरा हो चुका है। इस दौरान सिंधिया ने अपने संबोधन में जानकारी दी कि शिवपुरी में 111 करोड़ रुपये की लागत से पोस्टल ट्रेनिंग सेंटर बनाया जाएगा।
देश भर में सिर्फ छह
सिंधिया ने कहा कि ‘देशभर में सिर्फ छह जगहों पर पोस्टल ट्रेनिंग कॉलेज हैं, सातवां पोस्टल ट्रेनिंग कॉलेज अब शिवपुरी में बनने जा रहा है। 111 करोड़ रुपये की योजनाएं हैं, जिनका शिलान्यास मैं अपनी अगली यात्रा के दौरान करूंगा।’
सिंधिया ने बताया कि इस प्रोजेक्ट से हर साल ढाई से तीन हजार युवाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। सिंधिया ने बताया कि एक साल के भीतर इसके उद्घाटन की कोशिश की जाएगी। इससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इस प्रोजेक्ट से ये जिला संचार, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में एक नई पहचान हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि शिवपुरी का विकास मेरी हार्ड ड्राइव में फीड है। उन्होंने कहा कि पोस्ट ऑफिस अब सिर्फ पत्राचार तक ही सीमित नहीं बल्कि ये आधार से जुड़ी सेवाएं, बैंकिंग, म्यूचुअल फंड, बीमा प्लान और पासपोर्ट सेवा के भी केंद्र बन चुके हैं।
विकसित भारत के लक्ष्य की ओर
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हमारे डाकघर गांवों की अर्थव्यवस्था, वित्तीय समावेशन और आत्मनिर्भरता के मजबूत स्तंभ बन रहे हैं और इसी संकल्प के साथ आगे बढ़ते हुए हम विकसित भारत के लक्ष्य को निरंतर साकार करने की दिशा में अग्रसर हैं।




साइन इन