on Meenakshi Natarajan nomination rejection, MP Vivek Tankha claimed there was no criminal case मीनाक्षी नटराजन के पर्चा रद्द होने पर सांसद विवेक तन्खा का दावा- FIR दर्ज नहीं थी, ये सीट चोरी है, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मीनाक्षी नटराजन के पर्चा रद्द होने पर सांसद विवेक तन्खा का दावा- FIR दर्ज नहीं थी, ये सीट चोरी है

मध्य प्रदेश कांग्रेस की इकलौती राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द हो गया है। वजह, क्रिमिनल केस से जुड़ी जानकारी छिपाना बताया गया है। वरिष्ठ वकील और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने दावा किया है कि उनके खिलाफ कोई भी क्रिमिनल केस नहीं है।  

Tue, 9 June 2026 08:56 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल
share
मीनाक्षी नटराजन के पर्चा रद्द होने पर सांसद विवेक तन्खा का दावा- FIR दर्ज नहीं थी, ये सीट चोरी है

मध्य प्रदेश के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की इकलौती उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द कर दिया गया है। इसके पीछे की वजह हैदराबाद की अदालत में लंबित आपराधिक मामले की जानकारी को कथित तौर पर छुपाना बताया गया है। इस पर राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ वकील विवेक तन्खा ने दावा किया है कि मीनाक्षी नटराजन जी के नॉमनोनेशन के बारे में भ्रम फैलाया जा रहा है। कोई क्रिमिनल केस रजिस्टर्ड नहीं है।

ये वोट चोरी नहीं, सीट चोरी है

विवेक तन्खा ने एक्स पर ट्वीट करते हुए आगे लिखा- "मात्र एक नोटिस आया है की उनके और अन्य लोगो के खिलाफ 10 करोड़ कंपनसेशन की कार्यवाही क्यों ना की जाए। जिस नोटिस का मीनाक्षी जी के वकील ने जवाब दिया है। FIR दर्ज नहीं है।" उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए कहा- ये मामला वोट चोरी का नहीं, सीट चोरी का है। खुलेआम प्रजातंत्र के साथ डाका हुआ है। अब आप कहेंगे कैसे- उन्होंने ऐसी कोई चीज नहीं छुपाई, जो वो डिक्लेयर करतीं। उनके खिलाफ कोई एफआईआर नहीं है। कोई ऑफेंस नहीं है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कांग्रेस को झटका, MP राज्यसभा चुनाव में पार्टी की इकलौती कैंडिडेट का पर्चा रद्द

पार्टी के जीते हुए उम्मीदवार को हरा दिया

कोर्ट अगर किसी को नोटिस भेज देती है, तो वो कोई केस नहीं है। एक ऐसी अनहोनी स्थिति बना दी है कि नेशनल पार्टी के जीते हुए उम्मीदवार को हरा दिया है। ये दुखद है। ये प्रजातंत्र की हत्या है। मैं अपनी पार्टी को सलाह दूंगा कि सुप्रीम कोर्ट जाना चाहिए। क्योंकि अगर ऐसा चलता रहा, तो कोई प्रजातंत्र नहीं रह जाएगा। ये लोकतंत्र का अंत है।

मीनाक्षी ने बताया- किसी अदालत में संज्ञान नहीं लिया

अपना पर्चा रद्द होने पर मीनाक्षी नटराजन ने कहा- "इस मामले में अभी किसी अदालत द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिया गया है, बावजूद इसके यह नामांकन रद्द कर दिया गया। यह सिर्फ मेरे राज्यसभा नामांकन की बात नहीं है बल्कि हमारे देश के सामने यह एक गंभीर परिस्थिति है, सवाल है कि क्या भारत का लोकतंत्र बचेगा? "

कांग्रेस बोली- फिर हुई लोकतंत्र की हत्या

एमपी कांग्रेस ने इस मामले पर ट्वीट करते हुए लिखा- फिर हुई लोकतंत्र की हत्या। महिला विरोधी भाजपा का चेहरा उजागर !! भाजपा अपने अलोकतांत्रिक षड्यंत्रों में सभी सीमाएं लांघ चुकी है। राज्यसभा प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन जी का नामांकन निरस्त करवाकर भाजपा ने लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों का खुला उपहास किया है। कांग्रेस इस अन्यायपूर्ण कार्रवाई के विरुद्ध तत्काल न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी और लोकतंत्र को कमजोर करने वाले इस षड्यंत्र का पूरी मजबूती से मुकाबला करेगी।

मीनाक्षी नटराजन द्वारा जानकारी छिपाने का आरोप

कांग्रेस की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन पर आरोप है कि उन्होंने अपने नामांकन फॉर्म में हैदराबाद की एक अदालत में लंबित आपराधिक मामले की जानकारी कथित तौर पर छुपाई थी। इसी के चलते रिटर्निंग ऑफिसर ने उनका नामांकन रद्द कर दिया है। अब कांग्रेस मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की रेस से बाहर हो गई है, क्योंकि नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 8 जून थी।

जानकारी छिपाने के चलते हुआ नामांकन रद्द

भाजपा ने इस विषय में शिकायत की थी। इसके बाद रिटर्निंग आफिसर ने उन्हें नोटिस देकर 9 जून को शाम 5:30 बजे तक जवाब देने के लिए कहा था। लेकिन, कोई जवाब नहीं देने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने अपनी जांच में जानकारी को छिपाने का दोषी पाने के बाद मीनाक्षी नटराजन का नामांकन तकनीकी आधार पर रद्द कर दिया है। इसके साथ ही कांग्रेस मध्य प्रदेश में राज्यसभा की रेस से बाहर हो गई है।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।