MP में कुत्ते के काटने के बाद हवा-पानी से डरने लगी महिला, अस्पताल में मौत
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक आवारा कुत्ते के काटने से महिला की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला घर से किसी काम से बाहर निकली थी। महिला को एक महीने पहले कुत्ते ने काटा था।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक आवारा कुत्ते के काटने से महिला की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला घर से किसी काम से बाहर निकली थी। महिला को एक महीने पहले कुत्ते ने काटा था। महिला ने घर के नजदीक एक क्लिनिक के डॉक्टर से टिटनेस का इंजेक्शन लगवाया था। डॉक्टर ने महिला को रेबीज का एंटीडोट नहीं लगाया था जिसके चलते एक महीने बाद महिला की हालत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।परिजनों का आरोप है कि नगर निगम और डॉक्टर की लापरवाही के चलते यह घटना हुई है। वहीं पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज कार्रवाई शुरू कर दी है।
दरअसल गिरवाई थाना क्षेत्र के सिकंदर कंपू दाने की बगिया में रहने वाली किरण लालवानी 30 दिसंबर 2025 को घर के पास सब्जी लेने के लिए निकली थी। जब वह सब्जी ले रही थी तभी एक आवारा कुत्ते ने उनके पैर पर काट लिया। 31 दिसंबर को महिला घर से कुछ दूर सिंधी कॉलोनी में स्थित एक क्लीनिक पर पहुंची जहां डॉक्टर ने उसे टिटनेस का एक इंजेक्शन लगा दिया और महिला से कहा कि उसे अब ओर कोई इंजेक्शन लगवाने की जरूरत नहीं है।
इसके बाद महिला बेफिक्र होकर अपने घर चली गई, लेकिन 3 फरवरी को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह हवा पानी जैसी चीजों से डर कर चिल्लाने लगी तभी उसका बेटा कपिल लालवानी हजार बिस्तर अस्पताल में इलाज के लिए लेकर पहुंचा। जहां डॉक्टर ने इलाज कर उसके बेटे को बताया कि कुत्ते के काटने पर महिला को हाइड्रो फोबिया हो गया है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कर दिया गया। लेकिन आज महिला ने तड़पते हुए इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
महिला की मौत होने पर परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और महिला के शव को निगरानी में लेते हुए पोस्टमार्टम हाउस के लिए भेज दिया। मृतक महिला के परिजनों ने टिटनेस का इंजेक्शन लगाने वाले डॉक्टर और नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग की। परिजनों का कहना था कि अगर डॉक्टर रेबीज का इंजेक्शन लगा देता तो शायद महिला की मौत नहीं होती इसके साथ ही नगर निगम इन आवारा कुत्तों को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। फिलहाल पुलिस ने परिजनों की शिकायत के बाद मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजने के बाद मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




साइन इन