मध्य प्रदेश में 43°C पहुंचा तापमान; लू बरपाएगी कहर, इन जिलों में येलो अलर्ट
MP Mausam: मध्य प्रदेश और झारखंड सहित कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप शुरू हो गया है। तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। लोगों को दोपहर में बाहर नहीं निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है। आलम यह कि तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मध्य प्रदेश के गिरवर (शाजापुर) में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के कारण कई जिलों में लू चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के दौरान तापमान के और बढ़ने का अनुमान जताया है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें, खूब पानी पिएं और सूती कपड़े पहनें।
इन जिलों में लू चलने का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान छिंदवाड़ा, मंडला, पांढुर्ना जिलों के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में 15 से 19 अप्रैल तक लू चलने की संभावना जताई है। इस दौरान कई जगहों पर लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
गिरवर शाजापुर में 43 डिग्री पहुंचा तापमान
मध्य प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस गिरवर (शाजापुर) में दर्ज किया गया। वहीं सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी (नर्मदापुरम) दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे के दौरान छिंदवाड़ा जिले में लू का प्रभाव देखा गया। बीते 24 घंटों के दौरान उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और रीवा संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान में 2.2 से 2.3 डिग्री सेल्सियस की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
19 अप्रैल तक लू का प्रकोप
मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 19 अप्रैल तक लू के प्रकोप को देखते प्रशासन ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर न निकलने और खूब पानी पीने की सलाह दी है।
झारखंड के कई हिस्सों में 40 डिग्री पार तापमान
झारखंड में भी गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। झारखंड के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 5 दिनों में पारा 3 से 5 डिग्री और बढ़ सकता है। सरायकेला और मेदिनीनगर जैसे जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है। वहीं 17 और 18 अप्रैल को कई इलाकों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
इन राज्यों में भी लू की चेतावनी
मौसम विभाग ने 15 से 19 अप्रैल के दौरान विदर्भ और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ इलाकों में जबकि 16 से 19 अप्रैल के दौरान छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के विभिन्न हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग की ओर से 17 से 19 अप्रैल के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश और ओडिशा में जबकि 15 से 18 अप्रैल के दौरान मध्य महाराष्ट्र में और 16 से 18 अप्रैल के दौरान मराठवाड़ा में लू चलने की संभावना जताई है।




साइन इन