MP shivpuri woman sets electric rickshaw on fire showroom negligence battery dispute नहीं हुई सुनवाई, तो गुस्से में महिला ने पेट्रोल डालकर फूंक दिया 2.5 लाख का ई-रिक्शा; VIDEO, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

नहीं हुई सुनवाई, तो गुस्से में महिला ने पेट्रोल डालकर फूंक दिया 2.5 लाख का ई-रिक्शा; VIDEO

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में शोरूम की बेरुखी से तंग आकर एक महिला ने अपने ई-रिक्शा को आग लगा दी। पिछले 4 महीनों से रिपेयरिंग के लिए भटक रही महिला का आरोप है कि उसकी मेहनत की कमाई कबाड़ बन गई।

Sat, 7 Feb 2026 09:17 AMAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, शिवपुरी
share
नहीं हुई सुनवाई, तो गुस्से में महिला ने पेट्रोल डालकर फूंक दिया 2.5 लाख का ई-रिक्शा; VIDEO

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां सिस्टम और सर्विस सेंटर की बेरुखी से तंग आकर एक महिला ने अपनी ही गाढ़ी कमाई के 2.5 लाख रुपये के ई-रिक्शा को आग के हवाले कर दिया।

मजदूरी करके जुटाए पैसों से खरीदा था

पीड़ित महिला गुड़िया माहौर और उनके पति नारायण पेशे से मजदूर हैं। उन्होंने रोज की दिहाड़ी मजदूरी से छुटकारा पाने और अपने तीन बच्चों को बेहतर भविष्य देने के लिए करीब 6 महीने पहले यह ई-रिक्शा खरीदा था। इसके लिए उन्होंने लोन भी करवाया था। कीमत करीब 2.30 से 2.50 लाख रुपये थी। उन्हें उम्मीद थी कि इससे घर की आमदनी बढ़ेगी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

4 महीने से चक्कर काट रही थी गुड़िया

गुड़िया का आरोप है कि रिक्शा खरीदने के महज 2 महीने बाद ही उसमें खराबी आ गई। वह पिछले 4 महीनों से लगातार शोरूम के चक्कर काट रही थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। गाड़ी घर पर कबाड़ की तरह पड़ी थी। उधर लोन की किश्तें सिर पर खड़ी थीं। परेशान होकर उन्हें वापस मजदूरी पर लौटना पड़ा। गुड़िया ने बताया, 'मैंने उनसे हाथ जोड़कर विनती की, गिड़गिड़ाई कि इसे ठीक कर दो, लेकिन वे मुझे हर बार टालते रहे।'

सब्र का बांध टूटा, तो खुद ही कर दिया फैसला

जब शोरूम संचालकों ने साफ कह दिया कि कुछ नहीं हो सकता, तो गुड़िया का धैर्य जवाब दे गया। गुस्से और हताशा में उन्होंने पेट्रोल छिड़का और शोरूम के ठीक बाहर अपने ई-रिक्शा में आग लगा दी। देखते ही देखते अफरा-तफरी मच गई और रिक्शा जलकर खाक हो गया। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:स्नैपचैट से दोस्ती के बाद किडनैप कर रेप; एमपी पुलिस ने मेरठ के शकील को दबोचा

क्या कह रहे शोरूम वाले?

दूसरी तरफ, शोरूम के इंचार्ज शुभम शर्मा ने अपनी सफाई दी है। उनका कहना है कि रिक्शे में कोई मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट नहीं था। शर्मा के मुताबिक, ई-रिक्शा की बैटरी फट गई थी। कंपनी की पॉलिसी के अनुसार, फटी हुई बैटरी बदली नहीं जाती। महिला को अपने पैसे से नई बैटरी लगवाने को कहा गया था, जिससे उन्होंने मना कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाई और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। वहीं गुड़िया की मांग है या तो रिक्शा पूरी तरह ठीक करके दिया जाए या नया रिक्शा मिले, वरना उनके पूरे पैसे लौटाए जाएं।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।