राज्यसभा में भाजपा करना चाहती है 'खेला', MP में कांग्रेस का दावा- एकजुट हैं विधायक
भाजपा ने एमपी में राज्यसभा के लिए तीसरे उम्मीदवार का भी ऐलान कर दिया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा भ्रम में है कि कांग्रेस पार्टी में टूट कर लेंगे, लेकिन हम एकजुट हैं।

मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई। भाजपा ने राज्यसभा की तीनों सीटों के लिए सभी तीन उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने पहले दो उम्मीदवारों राज्य भाजपा सचिव रजनीश अग्रवाल और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव तरुण चुघ की घोषणा की थी। अब तीसरे उम्मीदवार के रूप में मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट के नाम पर मुहर लगा दी है। महेश केवट का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन से होगा। दोनों नेता आज नामांकन दाखिल करेंगे। आगामी 18 जून को मतदान होना है।
सोमवार को कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह कहा कि भाजपा को लगता है कि कांग्रेस पार्टी में टूट कर लेंगे। हम पूरी तरह एकजुट है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने भी कहा कि भाजपा ने तीसरे उम्मीदवार पर घोषणा दिल्ली की परमिशन के बाद की। तीसरे उम्मीदवार उतारने का मतलब एक बार फिर विपक्षी विधायकों में सेंध लगाने की कोशिश करना है।
एएनआई से बातचीत में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, "भाजपा बड़े भ्रम में है कि वे टूट कर लेंगे। कांग्रेस पूरी तरह संगठित, एकजुट है और पूरी दृढ़ता से सभी कांग्रेस के विधायक कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन को भरपूर समर्थन देंगे और भाजपा की जो हमेशा से टूट की रणनीति रही है वह सफल नहीं होगी। मीनाक्षी नटराजन कांग्रेस की उम्मीदवार हैं और हम सब कांग्रेस के लोग एकजुट हैं।"
तीसरे उम्मीदवार की घोषणा विधायकों को तोड़ने का प्रयास
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी का आरोप है कि भाजपा ने तीसरा राज्यसभा उम्मीदवार उतारने का फैसला लंबे मंथन और केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद लिया है। यह कदम लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। तीसरा उम्मीदवार उतारने का मतलब एक बार फिर विपक्षी विधायकों में सेंध लगाने की कोशिश करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पहले भी ऐसा कर चुकी है और अब तीसरी बार विधायकों को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मीनाक्षी सुंदरम के सामने भाजपा के महेश केवट
कांग्रेस ने भी मोर्चा संभाल लिया है। शनिवार को भोपाल में हुई पार्टी की बैठक में मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में एकजुटता का प्रदर्शन किया गया। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, कांग्रेस के मध्य प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नटराजन को गांधीवादी विचारधारा की मजबूत प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें महिला सशक्तीकरण, स्वच्छ राजनीति और जनसेवा के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए नामांकित किया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और राहुल गांधी के नेतृत्व में जनता का विश्वास बढ़ रहा है तथा लोग संवैधानिक मूल्यों एवं जनकल्याण आधारित राजनीति का समर्थन कर रहे हैं। पटवारी ने कहा कि राज्यसभा चुनाव केवल एक सीट का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक सिद्धांतों को मजबूत करने का अवसर है।




साइन इन