MP: BJP विधायक प्रीतम लोधी की बढ़ी मुश्किलें; पार्टी ने थमाया नोटिस, 3 दिन की मोहलत
भाजपा ने शिवपुरी के विधायक प्रीतम लोधी को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है। यह कार्रवाई उनके बेटे की गाड़ी से हुए हादसे और पुलिस अधिकारी को दी गई अभद्र धमकी के बाद की गई है।

एमपी के शिवपुरी से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी को पार्टी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा ने विधायक प्रीतम लोधी से तीन दिन में नोटिस का जवाब मांगा है। यह कार्रवाई विधायक के बेटे की थार गाड़ी से हुए एक्सीडेंट और उसके बाद विधायक की ओर से पुलिस अधिकारी के लिए की गई अभद्र धमकी के कारण की गई है। विधायक का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह अधिकारी के बंगले को गोबर से भरने और उन पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते नजर आए थे। भाजपा ने अनुशासनहीनता के आरोपों पर रिपोर्ट मांगी है। वहीं कांग्रेस ने इस मामले को लेकर सरकार को घेरा है। वहीं प्रीतम लोधी ने नोटिस मिलने पर अपना पक्ष रखने की बात कही है।
भाजपा ने थमाया नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब
शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नोटिस जारी किया है। खंडेलवाल ने प्रीतम लोधी से 3 दिन में अपना जवाब देने को कहा है। पिछोर विधानसभा क्षेत्र के करैरा कस्बे में विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश की थार गाड़ी से हुए एक्सिडेंट के बाद विधायक ने पुलिस अफसर पर अभद्र टिप्पणी की। इसके बाद से मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मध्य प्रदेश भाजपा से मांगी रिपोर्ट
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को मामले की रिपोर्ट मध्य प्रदेश भाजपा से मांगी थी। इसके बाद नोटिस जारी किया गया है। वहीं प्रीतम लोधी ने कहा कि मुझे अब तक कोई नोटिस नहीं मिला है। नोटिस मिलने के बाद ही पार्टी के सामने अपना पक्ष रखूंगा और उचित जवाब दूंगा।
कांग्रेस का अटैक
दूसरी ओर पूरे प्रकरण पर सियासत गर्म है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि बीजेपी कहती थी कि कांग्रेस अपराधियों को संरक्षण देती है लेकिन आज मंत्री हो या विधायक सभी कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। बीजेपी गुंडा पार्टी बनती जा रही है।
वायरल हो रहा वीडियो
विधायक प्रीतम लोधी का एक वीडियो वायरल हो रहा था। इसमें वह एसडीओपी को धमकी देते नजर आ रहे हैं। वह कह रहे हैं कि करैरा के एसडीओपी के बंगले को 10 हजार लोगों को ले जाकर गोबर से भरवा देंगे। मेरा मुक्का पहले ढाई किलो का था, अब यह ढाई सौ किलो का हो गया है।
मीडिया पर फोड़ा ठीकरा
इस बयान के बाद मध्य प्रदेश आईपीएस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह प्रशासनिक अधिकारियों का अपमान है। ऐसे व्यवहार से कानून-व्यवस्था कमजोर होती है। वहीं नोटिस मिलने के बाद प्रीतम सिंह लोधी के तेवर बदले नजर आ रहे हैं। वह मीडिया पर ही ठीकरा फोड़ते नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि मीडिया ने उनके बयानों को तोड़-मरोड़कर दिखाया गया है।




साइन इन