इंदौर में पुलिसकर्मी ने युवक को मारा थप्पड़, उसने पांचवीं मंजिल से कूदकर दे दी जान; सामने आई यह कहानी
परिजनों की मानें तो पुलिसवालों ने जैसे ही राज से पूछताछ शुरू की मामला तेजी से बिगड़ गया। जिसके बाद परिवार के लोगों को हस्तक्षेप करना पड़ा और उन्होंने पुलिसकर्मियों को बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार है और इसके लिए उसका इलाज भी चल रहा है।

इंदौर में एक युवक ने अपने अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि घर के बाहर घूमने की बात को लेकर एक पुलिसवाले ने उसे थप्पड़ मारा था, इसी बात से दुखी होकर उसने यह कदम उठा लिया। यह घटना बुधवार की रात 2 से 3 बजे के बीच इंदौर स्थित ताप्ती कॉम्प्लेक्स में हुई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय राज मकवाना के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था और इसी वजह से वह ज्यादातर समय अपने घर पर ही रहता था। इसके लिए उसका इलाज भी चल रहा था। हालांकि पुलिस ने जो घटनाक्रम बताया है वह परिजनों के बयान से मेल नहीं खा रहा।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार परिवार के सदस्यों ने बताया कि रात को गर्मी लगने और बैचेनी होने की वजह से राज ताजी हवा खाने के लिए अपने फ्लैट से नीचे आया था और परिसर में घूम रहा था। राज की बहन निकिता का कहना है कि जब भी उसे बेचैनी महसूस होती थी तो वह अक्सर थोड़ी देर के लिए बाहर चला जाता था।
गार्ड ने रोका और बाहर घूमने की वजह पूछी
निकिता के अनुसार, 'बुधवार की रात को भी ऐसा ही हुआ, वह घर के बाहर निकला था और घूम रहा था, लेकिन इसी बीच बिल्डिंग में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोक लिया और इस तरह देर रात बाहर घूमने को लेकर उससे सवाल पूछा। जिसके बाद दोनों के बीच जोरदार बहस होने लगी, इसी बीच गार्ड ने वहां पुलिस को बुला लिया और उन्हें सारी बात बताई।'
पुलिस के आते ही और बिगड़ने लगा मामला
परिजनों की मानें तो पुलिसवालों ने जैसे ही राज से पूछताछ शुरू की मामला तेजी से बिगड़ गया। जिसके बाद परिवार के लोगों ने हस्तक्षेप करते हुए पुलिसकर्मियों को बताया कि राज मानसिक रूप से बीमार है और इसके लिए उसका इलाज भी चल रहा है। निकिता के अनुसार, 'हमने वहां मौजूद पुलिस अधिकारी से बात की और उन्हें राज की स्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि आप उसे जाने दें, क्योंकि वह थोड़ी ताजी हवा खाने के लिए बाहर आया था।'
इसके बाद अधिकारी ने कहा कि उसे घर के अंदर रखो और उसका ख्याल रखो। फिर हमने कहा, ठीक है सर, उसने किसी से कुछ नहीं कहा है और न ही किसी के साथ कुछ गलत किया है।'
'भाई ने माफी मांगी, लेकिन पुलिसवाले ने थप्पड़ मार दिया'
परिवार का कहना है कि इसके बाद राज ने भी पुलिस से माफी मांगी और मामला खत्म करने की कोशिश की। इसी बीच पुलिस अधिकारी ने उससे बात करना शुरू कर दिया। निकिता ने बताया कि तब मेरे भाई ने कहा मुझे माफ कर दो, लेकिन इसी बीच अधिकारी ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद सबकुछ इतना तेजी से हुआ कि कुछ समझ ही नहीं आया।
राज बोला- मुझे डर लग रहा, पुलिस मुझे गिरफ्तार कर लेगी
निकिता के अनुसार इसके बाद राज घर आया और बोला मुझे डर लग रहा है कि पुलिस मुझे ले जाएगी, इसलिए मैं कहीं छिप जाता हूं। थोड़ी देर बाद वह छत पर गया और वहां से कूद गया। इसके बाद जब उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
राज के पिता का नाम मनोज मकवाना है, जो कि खाना बनाने का काम करते हैं, वहीं उसकी मां गृहिणी हैं। राज की दो बहनें पास में ही काम करती हैं, जबकि उसका एक अन्य भाई एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है।
पुलिस ने बताई मामले की कुछ और कहानी
हालांकि पुलिस ने इस पूरे मामले में कुछ अलग कहानी बताई है। घटना की जानकारी देते हुए एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस राजेश दंडोतिया ने कहा कि सुबह करीब 2 बजे, ताप्ती कॉम्प्लेक्स के गार्ड से जानकारी मिली कि एक लड़का परिसर में हंगामा कर रहा है। जिसके बाद पुलिस की एक रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची और राज व उसकी मां की काउंसलिंग की।
परिवार की काउंसिलिंग करने के बाद लौट गई पुलिस
दंडोतिया ने कहा, 'परिवार ने हमें बताया कि लड़का मानसिक रूप से बीमार है और उसका दो साल से इलाज चल रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने परिवार की काउंसलिंग की और मौके से चली गई।' पुलिस का कहना है कि करीब 45 मिनट बाद, राज ने पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। अधिकारी सुबह करीब 4.07 बजे फिर मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए। अधिकारी ने बताया कि इस मामले में केस रजिस्टर कर लिया गया है, और मामले की जांच की जा रही है।




साइन इन