mallikarjun kharge comment on mahakumbh bjp got furious गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी दूर होती है क्या; महाकुंभ पर खरगे की टिप्पणी से नया विवाद, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी दूर होती है क्या; महाकुंभ पर खरगे की टिप्पणी से नया विवाद

मध्य प्रदेश के महू में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की एक टिप्पणी को लेकर नया विवाद छिड़ गया है। प्रयागराज में महाकुंभ के बीच खरगे ने सवाल उठाया कि क्या गंगा में डुबकी लेने से गरीबी दूर होती है, खाना मिलता है?

Mon, 27 Jan 2025 06:34 PMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, महू
share
गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी दूर होती है क्या; महाकुंभ पर खरगे की टिप्पणी से नया विवाद

मध्य प्रदेश के महू में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की एक टिप्पणी को लेकर नया विवाद छिड़ गया है। प्रयागराज में महाकुंभ के बीच खरगे ने सवाल उठाया कि क्या गंगा में डुबकी लेने से गरीबी दूर होती है, खाना मिलता है? कांग्रेस अध्यक्ष की इस टिप्पणी को लेकर भाजपा आक्रामक हो गई है। भाजपा ने इसे हिंदुओं से नफरत करार देते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी अब नई मुस्लिम लीग बन चुकी है।

महू में कांग्रेस पार्टी की ओर से सोमवार को 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान' रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान खरगे ने संविधान और बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को लेकर भाजपा पर खूब हमले किए। खरगे ने कहा कि मनुवाद पर चलने से गरीबों का सत्यानाश हो जाएगा। उन्होंने सभी से एक होकर मनुवाद को खत्म करने की अपील की।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कांग्रेस नहीं सावरकर ने रची थी बाबा साहब को हराने की साजिश; खरगे लाए नया दावा

इसके बाद महाकुंभ का नाम लिए बिना खरगे ने बड़ी टिप्पणी की। हालांकि उन्होंने लगे हाथ माफी भी मांगी और कहा कि वह किसी की आस्था को ठेस नहीं पहुंचाना चाहते हैं। खरगे ने कहा, ‘अरे भाई गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी दूर होती है क्या, आपके पेट को खाना मिलता है? मैं किसी के आस्था पर ठोस नहीं लगाना चाहता किसी को दुख हुआ तो माफी चाहता हूं (हाथ जोड़ते हुए)। लेकिन बताइए जब बच्चा भूखा मर रहा है, बच्चा स्कूल में नहीं जा रहा है, मजदूरों को मजदूरी नहीं मिल रही है तो ये लोग जाकर हजारों रुपए खर्च कर रहे हैं। कंपटीशन में डुबकी मार रहे हैं। जब तक टीवी में अच्छा नहीं आता है तब तक डुबकी मारते रहते हैं। ऐसे लोगों से देश की भलाई होने वाली नहीं है।'

भाजपा ने कहा- शब्द गांधी परिवार के हैं, नई मुस्लिम लीग बन चुकी पार्टी
खरगे के बयान को लेकर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नई मुस्लिम लीग बन चुकी है। भाजपा के आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने खरगे के बयान का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'बोल खरगे जी रहे हैं, पर शब्द गांधी परिवार के हैं। आखिर कांग्रेस को हिंदुओं से इतनी नफरत क्यों है? 144 साल में एक बार महाकुंभ आता है, लेकिन कांग्रेस के नेता इस तरह बौखला गए हैं कि हिंदुओं को कोस रहे हैं। पहले कांग्रेस के हुसैन दलवी ने कुंभ को बुरा-भला कहा, और अब स्वयं कांग्रेस अध्यक्ष ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस अब नई मुस्लिम लीग बन गई है। यह पार्टी देश के लिए नासूर बन चुकी है। इसका लुप्त होना ही सभी के हित में है।'

क्या हज के लिए भी यह कह सकती है कांग्रेस: संबित पात्रा
भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कहा कि महाकुंभ करोड़ों वर्षों सनातन आस्था का प्रतीक है, कांग्रेस पार्टी और उसके अध्यक्ष इसका मजाक और माखौल उड़ा रही है। महाकुंभ स्नान को लेकर मल्लिकाकार्जुन खड़गे जी का बयान अत्यंत शर्मनाक है। उन्होंने पूछा कि क्या इफ्तार पार्टी और हज यात्रा के लिए भी कांग्रेस पार्टी यही शर्मनाक बयान दे सकती है? संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी को इस पर सफाई देनी चाहिए।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।