savarkar conspired to defeat br ambedkar says kharge कांग्रेस नहीं सावरकर ने रची थी बाबा साहब को हराने की साजिश; खरगे लाए नया दावा, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

कांग्रेस नहीं सावरकर ने रची थी बाबा साहब को हराने की साजिश; खरगे लाए नया दावा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि बाबा साहब भीम राव आंबेडकर को हराने की साजिश सावरकर ने रची थी। एक लेटर दिखाते हुए उन्होंने यह दावा किया।

Mon, 27 Jan 2025 04:38 PMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, महू
share
कांग्रेस नहीं सावरकर ने रची थी बाबा साहब को हराने की साजिश; खरगे लाए नया दावा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि बाबा साहब भीम राव आंबेडकर को हराने की साजिश सावरकर ने रची थी। खरगे ने मध्य प्रदेश के महू में आयोजित कांग्रेस पार्टी की रैली में बाबा साहब का एक खत दिखाते हुए कहा कि उन्होंने खुद बताया था कि सावरकर ने उन्हें हराने के लिए साजिश की थी। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को लेकर यह झूठ फैलाया जा रहा है, जिसे वह अखबारों में देखते हैं।

'जय बापू, जय भीम, जय संविधान' रैली में खरगे ने कहा, 'बाबा साहब को लेकर एक अफवाह फैलाते हैं मैं रोज पेपर में देखता हूं। वो कहते हैं कि बाबा साहब अंबेडकर को किसने हराया। लेकिन खुद बाबा साहब ने एक लेटर लिखा। इसे मैं आपको दिखा रहा हूं। इसे उन्होंने अपने दोस्त कमलाकांत को लिखा था। वह लिखते हैं- मुझे हराने में और किसी का हाथ नहीं सिवाय एसए डांगे और सावरकर, जिन्होंने साजिश करके मुझे हराया। इसे पढ़ो जो ओरिजनल लेटर है। कितना झूठ बोलते हो, खुद बाबा साहब ने अपने हाथ से इसे लिखा, यह टाइप किया हुआ नहीं है।'

गौरतलब है कि 1952 के लोकसभा चुनाव में भीमराव आंबेडकर को नारायण सादोबा काजरोलकर ने बॉम्बे उत्तर सीट से चुनाव में हरा दिया था। कभी आबंडेकर के सहयोगी रहे काजरोलकर को कांग्रेस पार्टी ने उनके खिलाफ उम्मीदवार बनाया था। संविधान निर्माता बाबा साहब आजादी के बाद पंडित जवाहर लाल नेहरू की अगुआई में बनी अंतरिम सरकार में विधि और न्याय मंत्री थे, लेकिन प्रधानमंत्री के साथ नीतिगत मसलों पर मतभेद के बाद उन्होंने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा अक्सर इसको लेकर कांग्रेस पार्टी को घेरती है।

हाल ही में संसद के शीतकालीन सत्र में भी भाजपा ने इस मुद्दे को जोरशोर से उठाकर कांग्रेस पर आंबेडकर के अपमान का आरोप लगाया था। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा था कि जब बाबा साहब जीवित थे तो कांग्रेस पार्टी ने उनका बहुत अपमान किया था।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर बीआर आंबेडकर और उनके बनाए संविधान का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सत्ता में बैठे लोगों से संविधान को बचाने का काम करें। राहुल गांधी ने यह भी घोषणा की कि केंद्र में सत्ता में आने के तुरंत बाद कांग्रेस देशव्यापी जाति जनगणना कराएगी। गांधी ने यह भी कहा कि कांग्रेस 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा को खत्म देगी और लोकसभा तथा राज्यसभा दोनों में इस संबंध में कानून लाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:आपके बच्चे भूखे मर जाएं, ये अंबानी-अडानी की शादी दिखाएंगे; मीडिया पर भड़के राहुल
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।