एमपी के इन जिलों में गिरेंगे ओले; चलेंगी तूफानी हवाएं, ऑरेंज और येलो अलर्ट
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखा जा रहा है। इससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

Madhya Pradesh Weather Forecast: मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश का सिलसिला चलने के कारण गर्मी कम हो गई है। राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की वजह से तापमान गिर गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी राज्य के कई जिलों में आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि साइक्लोनिक सर्कुलेशन के साथ ही एक ट्रफ लाइन के एक्टिव होने से मौसम में ऐसा बदलाव देखने को मिल रहा है। अगले 2 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा लेकिन 10 मई से गर्मी फिर से बढ़ सकती है।
आज इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान दतिया, भिंड, छिंदवाड़ा, टीकमगढ़, निवाड़ी, पांढुर्ना जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक और तूफानी हवाओं के साथ ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने की संभावना है।
आज इन जिलों में येलो अलर्ट
वहीं सिवनी, बालाघाट, नर्मदापुरम, बैतूल, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर और मैहर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक और तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। आंधी के दौरान हवा की स्पीड 40 से 50 किलोमीटर/घंटा तक देखी जा सकती है।
कल इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने कल यानी नौ मई को छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन वेदर सिस्टम के कारण बिगड़ रहा मौसम
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर-पश्चिमी यूपी और सटे उत्तराखंड के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में मौजूद है। मध्य पाकिस्तान, उससे सटे पंजाब और राजस्थान पर भी एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। एक ट्रफ हरियाणा, दक्षिण-पश्चिमी यूपी, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम से होते हुए उत्तर-पश्चिमी बांग्लादेश तक फैली है। यह ट्रफ कोमोरिन क्षेत्र से शुरू होकर विदर्भ, मराठवाड़ा, दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश तक फैली है। इन वेदर सिस्टम के कारण आंधी और बारिश वाला मौसम बन रहा है।
नरसिंहपुर में सबसे अधिकतम तापमान
बीते 24 घंटे के मौसम के बारे में बात करें तो सूबे में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस (नरसिंहपुर) और न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस करौंदी, कटनी में दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों के दौरान, ग्वालियर और चंबल संभागों में कुछ स्थानों पर जबकि रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभागों में छिटपुट स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। वहीं मध्य प्रदेश के अन्य संभागों में मौसम शुष्क देखा गया।




साइन इन